आगरालीक्स….Agra News: आगरा में नई टाउनशिप अटलपुरम को सीएम योगी आदित्यनाथ अगस्त में लांच कर सकते हैं। यूपीरेरा में हुए पंजीकरण ,637 प्लॉट का आवंटन होगा, जानें पूरी प्रक्रिया. ( Agra News: CM Yogi May Launch New Township Atalpuram in August 2025#Agra )
आगरा में ग्वालियर रोड पर एडीए द्वारा 138 हेक्टेयर भूमि पर नई टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसमें पहले तीन सेक्टर विकसित किए जाएंगे, ये तीन सेक्टर 46 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होंगे। अटलपुरम टाउनशिप को विकसित करने के लिए टेंडर जारी किए गए थे, इसमें चार कंपनियों ने हिस्सा लिया उसमें से बेंगलूरू और हैदराबाद की कंपनी अर्ह पाईं गईं। प्रजेंटेशन के बाद बेंगलूरू की कंपनी आरपीएस को एडीए ने टाउनशिप विकसित करने के लिए चुना है। अटलपुरम ग्वालियर के ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे और इनर रिंग से आगरा लखनउ एक्सप्रेस वे से जुड़ेगी।
यूपीरेरा में हुआ पंजीकरण
अटलपुरम के तीन सेक्टर को विकसित कर प्लाट आवंटित करने के लिए यूपीरेरा में पंजीकरण करा लिया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ से अगस्त में अटलपुरम को लांच करने के लिए समय मांगा जाएगा, उनके द्वारा जो तिथि दी जाएगी उसी दिन अटलपुरम को लांच किया जाएगा, इस तरह की तैयारी चल रही है।
637 प्लॉट होंगे, आवंटन लॉटरी से होगा
अटलपुरम के पहले तीन सेक्टर में 637 प्लॉट होंगे, इसमें ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी के साथ ही एचआईजी प्लाट भी होंगे। 15 अगस्त तक अटलपुरम को लांच किया जा सकता है इसके बाद प्लाट के आवंटन के लिए आनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। मगर, प्लाट का आवंटन लॉटरी सिस्टम से होगा, जिसकी लॉटरी निकलेगी उसे प्लाट आवंटित किए जाएंगे। एक हजार करोड़ रुपये से अटलपुरम टाउनशिप विकसित की जानी है।
प्लाट के रेट तय करने के लिए कमेटी गठित
अटलपुरम में प्लॉट के रेट क्या होंगे इसे निर्धारित करने के लिए कमेटी गठित की गई है। एडीए सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी जमीन की खरीद, विकास शुल्क, अन्य खर्चों के आधार पर आवासीय, व्यावासायिक और वाणिज्यिक प्लॉट के अलग अलग रेट तय करेंगे।