आगरालीक्स…आगरा की खराब और खोदी गईं सड़कों पर सीएम योगी के सख्त तेवर. बोले—खुदाई से पहले सड़क जैसी थी वैसी बनाकर देनी होंगी, नहीं तो होगी एफआईआर. जल निगम के अधिकारी भी किए तलब..
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा में है. फतेहाबाद स्थित टाटा ग्राउंड में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और जनसभा के बाद सीएम योगी ने कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने आगरा की खराब सड़कों पर नाराजगी जताते हुए सख्त तेवर दिखाए. सीएम ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की तथा पेयजल पाइप लाइन डालने हेतु खोदी गई सड़कों को रीस्टोर न करने पर जल निगम के अधिकारियों को तलब किया, उन्होंने निर्देशित किया कि अगर विभाग द्वारा सीसी सड़क तोड़ी गई है, तो सीसी सड़क बनायें. रोड कटिंग कर कार्य करने के बाद मोटरेबल करना पर्याप्त नहीं है, खुदाई से पूर्व सड़क जिस स्थिति में थी, कार्यदायी संस्था व कान्ट्रेक्टर को उसी स्थिति में सड़क बनाकर देनी होगी. उन्होंने सड़कों को नवनिर्माण व उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए तथा जल निगम के अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा कार्य संतुष्टिजनक न होने पर कान्ट्रेक्टर को ब्लैक लिस्ट करने तथा सम्बन्धित पर एफआईआर करने के निर्देश दिए.इन विभागों की समीक्षा की
सीएम योगी ने सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को जनपद में बनाये गये कुल आयुष्मान कार्ड, कार्डधारकों का पैनल्ड अस्पतालों में इलाज को किया गया भुगतान आदि की जानकारी तलब की. पैनल्ड अस्पतालों के सभी भुगतानों का वेरिफिकेशन कराते हुए ससमय तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी जनप्रतिनिधियों से निक्षय मित्र बनने तथा जनपद को टीबी मुक्त कार्य में अपना योगदान देने की अपील की.
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में जनपद में हुए इस वर्ष कुल नामांकन, स्कूल चलो अभियान की प्रगति, बच्चों को किताब, ड्रेस, बैग इत्यादि हेतु भुगतान की स्थिति की जानकारी तलब की तथा निर्देर्शित किया कि जहां डीबीटी के माध्यम से धनराशि का भुगतान कर दिया गया है, वहां अभिभावकों के साथ बैठक कर धनराशि का उपयोग सुनिश्चित करायें, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत प्रोजेक्ट अलंकार की प्रगति की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने जनपद के सभी अशासकीय स्कूलों के प्रबंधतंत्र तथा प्रधानाचार्य के साथ बैठक कर सभी इंडिकेटर पर प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा में गौआश्रय स्थलों में कार्यरत कर्मचारियों के समय से वेतन तथा गौशलाओं के संचालन हेतु समय से धनराशि निर्गत करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने फुटपाथों पर खाद्य पदार्थ की दुकान लगाने वाले रेहड़ी पटरी दुकानदारों को विस्थापित नहीं करते हुए उन्हें उचित जगह पर वेडिंग जोन बनाकर उनके पुनर्वास के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि रेहड़ी पटरी वालों को उजाडे़े नहीं बल्कि उन्हें बेहतर विकल्प दें. मुख्यमंत्री द्वारा लम्बित राजस्व वादों की समीक्षा की गई, तथा समयबद्ध व शीर्ष प्राथमिकता पर राजस्व वादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई को प्रथम प्राथमिकता पर रखने तथा जनप्रतिनिधियों को भी जनसुनवाई कर जनता से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों तथा आईजीआरएस पर समस्या को मेरिट के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए.
अवैध खनन पर लगातार चले अभियान
मुख्यमंत्री ने बैठक में अवैध खनन व ओवरलोडिंग से सड़क क्षतिग्रस्त होते है, तो सम्बन्धित से भरपाई करने तथा अवैध खनन के विरूद्ध निरन्तर अभियान चलाने व प्रभावी समीक्षा के निर्देश दिए. उन्होंने आगरा के सभी टेम्पू, थ्री व्हीलर, ई-रिक्शा आदि को संचालन करने, गाड़ी ड्राइवर का नाम कहां से आया है आदि का सत्यापन करने, बाहरी तथा आपराधिक तथ्यों को चिन्हित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने शहर को पूर्णतः प्लास्टिक पाॅलीथिन मुक्त करने,सीएम ग्रेड के अन्तर्गत बनाई जा रही सड़को को पूर्ण करने, प्रभावी अतिक्रमण पर इन्फोर्समेंट की कार्यवाही करने के निर्देश दिए.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बताया संतुष्टिजनक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हाल ही के फैसले संतुष्टिजनक हैं, मण्डलायुक्त, टीटीजेड तथा न्यायालय के फैसलों, जो आगरा को प्रभावित करते हों, की माॅनीटरिंग करे, तथा तत्काल शासन को सूचित करें, जिससे ऐसे केसों की प्रभावी पैरवी कर आगरा के विकास को अवरूद्ध न होने दिया जाए, उन्होंने कहा कि आगरा में लैदर प्रोडक्ट, डिफेंस मैन्यूफेक्चरिंग काॅरिडोर के कार्य को आगे बढ़ाने की अत्यधिक सम्भावनायें हैं, उद्योगों को बढाने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए. मुख्यमंत्री ने अन्तर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र की प्रगति की जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि जनवरी 2027 तक कार्य पूर्ण हो जायेगा. किसानों का प्रशिक्षण का कार्य प्रारम्भ हो गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र का फायदा लेने हेतु किसानों के साथ तैयारी करें, उनके साथ कान्क्लेव करायें, तथा किसानों को क्वालिटी मेंटेंन कर वैल्यू एडिशन प्रक्रिया की जानकारी दें, जिससे कि किसानों को पूर्ण लाभ मिल सके. मुख्यमंत्री ने किसानों को डीएपी यूरिया तथा अन्य उर्वरक समय से उपलब्ध कराने, शिकायत मिलने पर सम्बन्धित की जवाबदेही तय कराने, तथा खाद की कमी की तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता वर्दास्त नहीं की जायेगी, जिससे की खाद की अपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की अधिग्रहीत भूमि का भुगतान नहीं हुआ है तो किसानों को वर्तमान दर से ही भुगतान करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय पर जोर देने,जनप्रतिनिधियों से भी संवाद बनाकर नवीन कार्ययोजनाओं को सुनिश्चित करने, आगामी कावड़ यात्रा की तैयारी करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा समाज में समाजिक सदभाव समरसता द्वारा समाज को जोड़ती है, अतः शासन प्रशासन के साथ सभी को इसे बढावा देना चाहिए.
बैठक में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, एडीजी जोन एसके भगत, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, डीआईजी आगरा रेंज शैलेष कुमार पाण्डेय, नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य, सीडीओ प्रतिभा सिंह, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव,एडीए उपाध्यक्ष अरून मौली, डीएफओ राजेश कुमार, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह,एडीएम सिटी यमुनाधर चैहान, एडीएम वित्त व राजस्व संदीप कुमार,एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला सहित सभी अधिकारीगण मौजूद रहे.