आगरालीक्स…आगरा में घर के पास मृत मिले सीओडी के एसएमए. बाजार से घर लौटते समय बाइक से अचेत होकर गिरे…हार्ट अटैक की आशंका…
आगरा में सीओडी के सीनियर मटेरियल असिस्टेंट यानी एसएमए की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. वह नौकरी से आने के बाद जरूरी काम से बाइक लेकर बाजार गए थे. लौटते समय घर के पास ही अचेत हालत में पड़े मिले. परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. थाना सदर के ताल सेमरी की गणेश विहार कॉलोनी में 42 वर्षीय अजय गौतम रहते थे. अजय मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वलो थे और आगरा में वो सीओडी में एसएमए पद पर तैनात थे. परिजनों के अनुसार नौकरी से आने के बाद वह कुछ निजी कार्य के लिए बाइक से बाजार गए थे. रात करीब साढ़े 10 बजे घर लौट रहे थे कि घर के पास ही वह बाइक से अचेत होकर गिर पड़े. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना अजय के परिजनों को दी. परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत का प्रथम दृष्टया कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है.