आगरालीक्स….आगरा के लिए रवाना हुआ शांतिकुंज से अभिमंत्रित शक्ति कलश. दिसंबर में माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी को लेकर होगा ऐतिहासिक गायत्री महायज्ञ
अखिल विश्व गायत्री परिवार की सह-संस्थापक परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर उनकी जन्मस्थली आगरा में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी श्रृंखला में शांतिकुंज हरिद्वार से विशेष रूप से अभिमंत्रित किया गया ‘शक्ति कलश’ आगरा के लिए प्रस्थान कर चुका है।
दिसंबर में सजेगा 251 कुंडीय महायज्ञ
आगरा के सेक्टर-11, आवास विकास कॉलोनी में आगामी 16 से 20 दिसंबर 2026 तक भव्य ‘251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ’ का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक महायज्ञ को सफल बनाने और समूचे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करने के लिए शांतिकुंज से पूज्य माताजी के प्रतीक रूप में शक्ति कलश भेजा गया है। शक्ति कलश की रवानगी के अवसर पर शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेय शैलबाला पण्ड्या ने आगरा से आए सभी परिजनों और कार्यकर्ताओं को अपना पावन आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस शक्ति कलश के माध्यम से पूज्य गुरुदेव और वंदनीया माताजी की लोक-कल्याणकारी विचार धारा को समाज के हर वर्ग और जन-जन तक पहुँचाना है।
उन्होंने इस आयोजन को राष्ट्र की सुख-समृद्धि और शौर्य जागरण का एक बड़ा माध्यम बताया। परिजनों में भारी उत्साहकलश लेकर आगरा लौट रहे गायत्री परिवार के परिजनों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। आगरा पहुँचने पर इस अभिमंत्रित शक्ति कलश का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद इसे विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कराकर यज्ञ की महत्ता और युग निर्माण योजना के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।