आगरालीक्स…… कोरोना की चौथी लहर की आहट, पांच नए केस मिलने पर दो होटलों के कर्मचारी, गाइड, कमला नगर में कोरोना पॉजिटिवों के संपर्क में आए लोगों की कोरोना की जांच।

आगरा में कोरोना के केस दोबारा से बढ़ने लगे हैं। सोमवार को कोरोना के पांच नए केस मिले हैं। कोरोना के एक्टिव केस दो से बढ़कर सात हो गए हैं। मेक्सिको और अमेरिका से आगरा आई तीन विदेशी महिला पर्यटकों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं, ये होटल में ठहरी थी और ताजमहल देखने गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम विदेशी पर्यटकों के संपर्क में आए लोगों की जांच में जुटी हुई है।
कमला नगर में कोरोना के दो नए केस
आगरा में सोमवार को मिले पांच नए केस में से दो केस कमला नगर के हैं। कमला नगर में गुड़गांव की रहने वाली 10 साल की बच्ची 13 अप्रैल को अपनी नानी के साथ आई थी, 16 अप्रैल को उसकी जांच कराई गई और कोरोना पॉजिटिव मिली। इसी तरह से नीट की तैयारी कर रही 21 साल की छात्रा को बुखार आने और गले में दर्द होने पर जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है।
होटल के कर्मचारियों से लेकर गाइड की कोरोना की जांच
कोरोना के पांच नए केस मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। विदेशी महिला पर्यटक जिन दो होटलों में ठहरी थी उस होटल के कर्मचारियों और विदेशी महिला पर्यटकों को दयालबाग और मधु नगर निवासी गाइड ने घुमाया था। इनकी भी कोरोना की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही कमला नगर में मिले दो नए केसों में भी संपर्क में आए लोगों की जांच की जाएगी।