आगरालीक्स…ताजमहल में पकड़ा गया प्रेमी जोड़ा..शादीशुदा प्रेमिका को भगाकर लाया था युवक. लॉन्ग ड्राइव पर बाइक से आए थे यहां…खोए बैग ने खोल दी पोल…
आगरा में ताजमहल घूमने आया एक प्रेमी जोड़ा अपने खोए बैग और उसमें रखी ज्वेलरी के कारण पकड़ा गया. दोनों बाइक से लॉन्ग ड्राइव पर निकले थे. प्रेमिका शादीशुदा है और उसकी चार पांच माह पहले ही शादी हुई थी. युवक उसे भगाकर लाया था. सूचना पर मुरादाबाद पुलिस ने दोनों को रोकने के लिए सीआईएसएफ से कहा. शाम को आगरा आने पर मुरादाबाद पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई.
ये है मामला
गुरुवार दोपहर करीब 11 बजे ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित चेकिंग प्वाइंट पर सीआईएसएफ को एक लावारिस बैग मिला. बैग को सीसीटीवी के सामने चेक किया गया तो उसमें करीब 50 ग्राम सोने के जेवरात थे. कुछ देर बाद युवक और युवती बैग क तलाश करते हुए सीआईएसएफ के कंट्रोल रूम पहुंचे. यहां सीआईएसएफ ने दोनों को पहचान के लिए दस्तावेज दिखाने के लिए कहा तो दोनों बहानेबाजी करने लगे. इस पर सीआईएसएफ के जवानों ने युवक के घरवालों से बात कराने को कहा.

मुरादाबाद पुलिस ने उठाया फोन
युवक ने जैसे ही अपने घरवालों को फोन किया तो उधर से बोल रहे व्यक्ति ने खुद को मुरादाबाद पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर जयदेप बताया. इस पर सीआईएसएफ के जवान चौंक गए. जानकारी पर पता चला कि युवक युवती को भगाकर ले गया है और वे साथ में जेवरात भी लाए थे. युवती की शदी किसी दूसरे लड़के के साथ तीन चार माह पहले ही हुई है. मुरादाबाद पुलिस ने सीआईएसएफ से कहा कि आप दोनों को रोक लीजिए, हम उन्हें कस्टडी में लेने के लिए आ रहे हैं. सीआईएसएफ ने इसकी सूचना सीओ ताज सुरक्षा को दी. सूचना पर ताजगंज पुलिस दोनों को अपने साथ थाने पर ले गई. शाम को मुरादाबाद पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई.