आगरालीक्स...सेंट एंथोनीज़ एकेडमी में मनाया कल्चरल वीक फिनाले. छात्रों को भारतीय त्योहारों, विशेष रूप से गुजरात की संस्कृति से कराया अवगत
सेंट पीटर्स कॉलोनी स्थित सेंट एंथोनीज़ एकेडमी में कल्चरल वीक फिनाले बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को भारतीय त्योहारों, विशेष रूप से गुजरात की संस्कृति से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की वंदना पर आधारित नृत्य से हुआ, जिसे कक्षा-2 की छात्रा नंदिनी जैन ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जूनियर सेक्शन की छात्रा इब्रा खान द्वारा किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे गरबा परिधानों में आकर्षक गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या क्रिस्टीना पीटर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्री-प्राइमरी शिक्षिका प्रियंका खंडेलवाल ने छात्रों को गुजरात राज्य की संस्कृति, खान-पान एवं अक्षरधाम मंदिर के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जूनियर सेक्शन के छात्रों ने चार्ट पेपर के माध्यम से कच्छ के रण, गुजरात के प्रसिद्ध व्यंजन, मंदिरों तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई। छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जबकि प्राइमरी सेक्शन के छात्रों ने हाथों से बने कंदील, बंधनवार, पतंगों एवं दीयों से विद्यालय परिसर को सजाया। विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षकगण की उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। पूरे दिन विद्यालय परिसर ढोल-नगाड़ों की थाप और गरबा की गूंज से गुंजायमान रहा। और साथ ही कार्यक्रम के अंत में राखी मेकिंग कंपटीशन के विजेताओं को सर्टिफिकेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।