आगरालीक्स…आगरा के इस साइकिल सवार की हिम्मत को सलाम. लबालब बह रही यमुना में जवाहर पुल से एक महिला ने लगाई छलांग. साइकिल सवार दूध विक्रेता तुरंत बचाने के लिए कूदा….
आगरा में इस समय यमुना लबालब बह रही है. ऐसे में मंगलवार दोपहर को जवाहरपुल से एक महिला ने यमुना में छलांग लगा दी. महिला रेलिंग के पास खड़ी हुई थी. अचानक वह रेलिंग पर चढ़ी और यमुना में कूद गई. ये देख वहां हर कोई सन्न रह गया, मौके से सीता नगर में रहने वाले बृजेश कुमार अपनी साइकिल से दूध बांटने के लिए जा रहे थे. उन्होंने जब महिला को कूदते देखा तो बृजेश ने तुरंत साइकिल को खड़ा करके यमुना में छलांग लगा दी. बिना देरी किए यमुना में छलांग लगाने से बृजेश महिला को यमुना से बचाकर बाहर निकाल लाए.

यह देखकर आसपास लोग जुट गए और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. कुछ देर बाद महिला को होश आ गया और उसने अपना नाम व घर का पता बताया. इस पर महिला के परिजन वहां आ गए. पुलिस का कहना है कि महिला के पति की मौत हो चुकी है और उसने गृह क्लेश के चलते आत्महत्या का प्रयास किया था लेकिन युवक ने उसकी जान बचा ली.