आगरालीक्स…आगरा में नवनिर्मित अष्टकोणीय वरद वल्लभा गणपति मंदिर में भक्तों ने भगवान गणेश के नेत्र दर्शन कर पाया पुण्य लाभ. दूसरे दिन रखा गया मंदिर के शिखर का कलश
- उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता
- ऐसे धार्मिक उत्सव समाज सुधारने के साथ कराते हैं कर्तव्य बोध: वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना
छलेसर-फिरोजाबाद रोड पर नवनिर्मित अष्टकोणीय वरद वल्लभा गणपति मंदिर की तीन दिवसीय प्रतिमा स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन बुधवार को भगवान गणेश के नेत्र दर्शन कर भक्त भावविभोर हो गए। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से मंदिर प्रांगण रह-रहकर गूँजता रहा। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने भी सहभागिता की।

मूर्तिकार ने खोले नेत्र..
मंदिर परिसर में बनाई गई आकर्षक पंच कुंडीय यज्ञशाला में कांचीपुरम के यज्ञाचार्य भरनीधरन आर. के नेतृत्व में पांच यज्ञाचार्यों के सहयोग से वैदिक मंत्र उच्चारण संग हवन-पूजन के बाद पद्मश्री से विभूषित चेन्नई के प्रसिद्ध मूर्तिकार पेरूमल सत्पति ने स्वयं स्वर्ण की सुई से भगवान गणेश की प्रतिमा के नेत्र खोले। उनकी आरती उतारी। कांचीपुरम के पंडित शबरी राजन का पावन सान्निध्य रहा।

शिखर पर चढ़ाये कलश..
नेत्र दर्शन के बाद पुनः यज्ञशाला पूजा की गई। मंदिर परिसर में कलशों का विधि विधान से पूजन किया गया। फिर 100 फुट ऊंची क्रेन में बैठकर एनआरएल ग्रुप के हरिमोहन गर्ग, श्रीमती साधना गर्ग, यतेंद्र कुमार गर्ग और श्रीमती जानकी गर्ग ने मंदिर के शिखर का कलश स्थापित किया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान गणेश के जयकारों से गूंजता रहा।
स्थापित कीं चार शिलाएँ..
मंदिर के मुख्य परिसर में भगवान गणेश जी के सिंहासन के नीचे लगने वाली चार शिलाओं को भी विधि विधान से स्थापित किया गया। गौरतलब है कि ये शिलाएँ सिद्धिविनायक मंदिर मुंबई से अभिषेक होने के बाद छलेसर लाई गई हैं। शिलाओं की स्थापना के बाद चेन कुप्पी की मदद से 4 फुट ऊंची और 3 टन वजन की आकर्षक प्रतिमा को भी मंदिर में स्थापित किया गया। सुबह की बेला में गौमाता को हरा चारा खिलाकर गौ सेवा भी की गई।

ऐसे धार्मिक उत्सव महत्वपूर्ण
उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर यज्ञशाला में कलश पूजन किया। आरती उतारी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक उत्सवों से न केवल समाज को सुधारने में मदद मिलती है बल्कि धार्मिकता हमें कर्तव्य बोध भी कराती है। श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बीच के कालखंड में इसलिए अराजकता बढ़ी क्योंकि हम लोग सेकुलर के नाम पर धार्मिकता से अलग-अलग होते गए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और योगी के युग में धार्मिकता का पुनर्जागरण हुआ है।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद..
समारोह में एनआरएल ग्रुप के हरि मोहन गर्ग, साधना गर्ग, यतेंद्र कुमार गर्ग, जानकी गर्ग, सुनीता गर्ग, रोहित गर्ग, रिद्धि गर्ग, सिद्धांत गर्ग, अदिति गर्ग, नीरज गर्ग, मेघा गर्ग, रौनक, सृष्ठी, दीपक गर्ग, दिव्यांशी गर्ग, वरदान, इनाया, मायरा, वान्या हर्षवर्धन, मनोज अग्रवाल “पोली भाई”, मुकेश नेचुरल और मीडिया समन्वयक कुमार ललित प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।