आगरालीक्स..( 2 मिनट में पूरी खबर)..Agra News: आगरा में तीन बड़े ज्वैलर्स पर जीएसटी इंटेलीजेंस के 60 अधिकारियों ने 14 घंटे सर्च की, सर्च पूरी।
महानिदेशक जीएसटी इंटेलीजेंस डीजीजीआई की टीम ने गुरुवार को सीबी चेन्स, एपी ज्वैलर्स और ब्रज मोहन विनय कुमार फर्म पर एक साथ सर्च शुरू की। 60 अधिकारियों की टीम की एक साथ कार्रवाई से बाजार में खलबली मच गई। इन तीन ज्वैलर्स की फर्मों के किनारी बाजार, चौबेजी फाटक, नेहरू नगर सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर टीम ने दस्तावेजों की जांच की, कंप्यूटर, लैपटॉप के रिकॉर्ड भी चेक किए। ( Agra News : DG GST Intelligence survey on three jewellers firm for 14 hours)
बाजार में दो करोड़ चांदी सीज की चर्चा, ज्वैलर्स बोले नहीं मिली कोई गड़बड़ी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह 14 घंटे बाद सर्च पूरी हो गई। बाजार में चर्चा होने लगी कि दो करोड़ की चांदी सीज की गई है और टीम अपने साथ दस्तावेज ले गई है। वहीं, सीबी चेन्स के संचालक सराफा कमेटी के अध्यक्ष धन कुमार जैन, एपी ज्वैलर्स के योगेश अग्रवाल और ब्रज मोहन विनय कुमार फर्म के संचालक विनय बंसल का मीडिया से कहना है कि टीम को स्टॉक में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।
राजकोट और दिल्ली में माल पकड़े जाने के बाद सर्च
दीपावली से ठीक पहले सर्च के पीछे एक बड़ा कारण सामने आ रहा है। पांच दिन पहले राजकोट और दिल्ली में टैक्स चोरी का माल पकड़ा गया था, इसके कनेक्शन में टीम ने एक साथ आगरा के साथ ही जयपुर और दिल्ली में भी सर्च की।