आगरालीक्स…आगरा में ‘महिलाओं के अधिकारों की उत्पत्ति’ पर की गई चर्चा. रोटरी क्लब आफ आगरा और बीडी जैन गर्ल्स पी.जी. कॉलेज ने महिला दिवस पर आयोजित की संगोष्ठी
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा एवं बी.डी. जैन गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में “महिलाओं के अधिकारों की उत्पत्ति” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विचार-विमर्श में समाज में महिलाओं के अधिकारों की ऐतिहासिक यात्रा एवं उनके सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता अधिवक्ता नम्रता मिश्रा ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि “महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई केवल महिलाओं ने ही नहीं लड़ी, बल्कि समाज के जागरूक पुरुषों ने भी सामाजिक कुरीतियों—जैसे सती प्रथा, विधवा पुनर्विवाह पर प्रतिबंध, और तीन तलाक जैसी प्रथाओं के खिलाफ अहम भूमिका निभाई। आज, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों का न्यायसंगत उपयोग आवश्यक है ताकि समाज में न्याय और समरसता बनी रहे।” रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने कहा कि “आज महिलाओं को समाज में समान अधिकार प्राप्त हैं, लेकिन शिक्षित महिलाओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने आसपास की अशिक्षित महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. वंदना अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उनके दुरुपयोग से बचने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. अनुराधा गुप्ता ने कहा कि “समाज तभी प्रगति कर सकता है जब स्त्री और पुरुष गाड़ी के दो समान पहियों की तरह संतुलन बनाकर कार्य करें।” उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ आगरा को इस सार्थक आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन नीलम ने किया, और इसमें रोटेरियन मनोज कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।