आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो के काम से रामलीला मैदान का मंच, लोगों के बैठने की सीढ़ियां और मैदान हुआ क्षतिग्रस्त, रामलीला महोत्सव को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण. मेट्रो अधिकारियों को लगाई फटकार. दिए ये निर्देश
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल के साथ श्रीरामलीला महोत्सव-2025 के कार्यक्रम आयोजन हेतु रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। विधायक द्वारा बताया गया कि मेट्रो प्रोजेक्ट लि0 द्वारा मेट्रो निर्माण के लिए रामलीला मैदान का उपयोग किया गया, जिसमें मंच, दर्शक दीर्घा की बैठने की सीढ़ियां व मैदान क्षतिग्रस्त हो गया है, मेट्रो की ओर से सिर्फ सीढ़ियों की मरम्मत कराई गई, जो गुणवत्तापूर्ण मरम्मत न होने से पुनः क्षतिग्रस्त हो गई है. जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित मेट्रो अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा मौके पर ही मेट्रो के उच्च अधिकारियों से वार्ता की तथा एक सप्ताह में मैदान का समतलीकरण करने, मिट्टी हटाने तथा क्षतिग्रस्त दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर निगम को नाला सफाई से निकाले गये कूड़े का उठान कराने तथा रामलीला मैदान में उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने उपरोक्त कार्यों को यथाशीघ्र सुनिश्चित कराने हेतु सिटी मजिस्ट्रेट को नोडल नामित करते हुए रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, महामंत्री रामलीला कमेटी राजीव अग्रवाल सहित मेट्रो व नगर निगम के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
