आगरालीक्स…आगरा में शोल्डर कॉन्क्लेव 19 जुलाई को. स्पोटर्स के दौरान युवाओं में कंधे से संबंधित चोट और उनकी निरंतर बढ़ रही संख्या पर विशेषज्ञ करेंगे मंथन. ट्रोमा, आर्थ्रोस्कॉपी और रिप्लेसमेंट पर होगी चर्चा
वर्तमान में युवाओं में निरंतर बढ़ रहा स्पोर्ट्स (खेल कूद) के प्रति रुझान। इससे कंधे से संबंधित चोट और उनकी निरंतर डिमांड भी बढ़ रही है। फिर चाहे स्पोर्ट्स संबंधित चोट हो या एक्सीडेंट के दौरान हुई कंधे में चोट। कंधे से संबंधित रोग, बचाव और आधुनिक उपचार पर मंथन करने के लिए आगरा में जुटेंगे देशभर के आर्थोपेडिक सर्जन। शोल्डर कॉन्क्लेव में ट्रोमा, आर्थ्रोस्कॉपी और रिप्लेसमेंट पर होगी चर्चा। अब मरीज को नहीं लगानी पड़ेगी दिल्ली, नोएडा और जयपुर की दौड़। आगरा में भी कंधे की इंजरी से संबंधित आधुनिक तकनीकी का उपचार होगा उपलब्ध। देश के विभिन्न शहरों से आने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ 19 जुलाई को होटल क्लार्क शिराज में आधुनिक तकनीकी और उपचार पर करेंगे मंथन।गुरुवार को कमला नगर स्थित होटल टेंप्टेशन में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा आयोजित आगरा शोल्डर कॉन्क्लेव के पोस्टर विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। पोस्टर का विमोचन आयोजन अध्यक्ष डॉक्टर मुकेश गोयल और आयोजन सचिव डॉक्टर गौरव राजपाल एवं आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल, सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव बोहरा के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉक्टर मुकेश गोयल ने बताया कि 19 जुलाई को होटल क्लार्क शिराज में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के द्वारा आगरा शोल्डर कॉन्क्लेव (एओएस) का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के विशेषज्ञों द्वारा अपनी सहभागिता कर कंधे में होने वाली स्पोर्ट्स और एक्सीडेंटल चोट के लिए आधुनिक तकनीकी से इलाज उपलब्ध कराने और मरीज को दर्द से छुटकारा दिलाने के लिए विभिन्न सत्रों में चर्चा की जायेगी।
आयोजन सचिव डॉक्टर गौरव राजपाल ने बताया कि कॉन्क्लेव के मुख्य अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ रवि सभरवाल होंगे। पैनल विशेषज्ञ में दिल्ली के सीताराम भारती हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. जितेंद्र माहेश्वरी, लखनऊ के केजीएमयू के आर्थोपेडिक विभाग अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार, कोलकाता से इंडियन ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉक्टर राजीव रमन, गुड़गांव मैक्स हॉस्पिटल के हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. विकास गुप्ता, जयपुर के सुवीरा हॉस्पिटल के स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ डॉक्टर राजीव गुप्ता और वाराणसी के वरिष्ठ आर्थ्रोस्कोपी सर्जन डॉक्टर विनय पांडेय शामिल रहेंगे। इस दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग अध्यक्ष डॉक्टर अमृत गोयल, सेंट्रल जोन के अध्यक्ष डॉक्टर संजय धवन, वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर अरुण कपूर, डॉक्टर संजय चतुर्वेदी, डॉक्टर बृजेश शर्मा और डॉक्टर रजत कपूर का विशेष सहयोग रहा।सर्जरी की रिकॉर्डिंग का होगा प्रसारण
आयोजन सचिव डॉक्टर गौरव राजपाल ने बताया कि शोल्डर कॉन्क्लेव में वरिष्ठ सर्जन डॉ. जितेंद्र माहेश्वरी और डॉक्टर विनय पांडेय द्वारा आधुनिक पद्धति दूरबीन विधि द्वारा की जाने वाली सर्जरी की रिकॉर्डिंग का प्रसारण भी किया जाएगा। लाइव सर्जरी ट्रांस यमुना स्थित गोयल सिटी अस्पताल में की जा रही है। जो पूरी तरह निशुल्क है।
आयोजन सचिव डॉक्टर गौरव राजपाल के अनुसार शोल्डर कॉन्क्लेव में प्रमुख पांच विषय पर होगी चर्चा। इनमें कंधे के फैक्चर, कंधे की मांसपेशियों का टूटना, कंधे का बार-बार उतरना, कंधे की जोड़ का घिसना और कंधे का जाम होना प्रमुख रूप से शामिल है।
200 से अधिक चिकित्सक करेंगे सहभागिता
आयोजन अध्यक्ष डॉ मुकेश गोयल ने बताया कि शोल्डर कांक्लेव में देशभर से आए 200 से अधिक अस्थि रोग विशेषज्ञ अपनी सहभागिता कर सफल बनाने में करेंगे सहयोग। इससे चिकित्सकों को कंधे की समस्त चोटों के उपचार में मिलेगी मदद।