आगरालीक्स…आगरा डीएम के सख्त आदेश—काम न करने वाली आशाओं को तुरंत हटाएं. 10 यूपीएचसी प्रभारियों के वेतन रोकने के भी निर्देश..आयुष्मान कार्ड में त्रुटियों में सुधार भी अब जिले में होगा…
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ली और विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की तथा संबंधित को निर्देश दिए. बैठक में जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थी भुगतान की समीक्षा की गई,जिसमें पाया गया कि जिला महिला अस्पताल, एसएन मेडिकल कॉलेज व बिचपुरी,फतेहाबाद, पिनाहट, खैरागढ़ द्वारा दिए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन नहीं किया गया है, जिलाधिकारी ने सम्बन्धित से जवाब तलब किया व कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा सभी के वेतन रोकने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने प्रत्येक गर्भवती का प्रसव पूर्व व प्रसवोपरान्त खाता खुलवाने तथा इस हेतु जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रसूता के प्रसव क्रिया के तत्काल बाद मेडिकल स्टॉफ द्वारा प्रसूता व उसके परिवारीजनों को जननी सुरक्षा योजना की सम्पूर्ण जानकारी देने, इण्डियन पोस्टल पेमेंट बैंक से समन्वय कर मौके पर ही बैंक खाता खुलवाने के बाद ही डिस्चार्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में आशाओं द्वारा सहायतित प्रसव की ब्लॉक बार सीएचसी/पीएचसी व यूपीएचसी पर डिलिवरी परफार्मेंश की समीक्षा की गई, जिसमें यूपीएचसी छत्ता, नगलापदी,वैभव नगर,नया घेर, सेवला, लोहामंडी -1, शाहगंज -1, बल्केश्वर, जगदीशपुरा, हरीपर्वत-ईस्ट के प्रभारियों के शून्य डिलिवरी परफार्मेंश होने पर सभी के वेतन रोकने के निर्देश दिए.बैठक में सीएमओ द्वारा बताया गया कि हाल ही में पोलियो अभियान में भी आशाओं द्वारा कार्य नहीं किया गया है, जिलाधिकारी ने उन सभी आशाओं को चिह्नित करने,सक्रिय न रहने व काम न करने वाली आशाओं को हटाये जाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान भारत की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि विगत माह 4781 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में माइक्रो प्लान बनाकर कैम्प आयोजन किए जा रहे हैं, सीएमओ ने बताया कि जिले स्तर से ही अब आयुष्मान कार्ड में आई त्रुटियों(नाम में परिवर्तन नहीं) पिता का नाम, पता, उम्र, गलत आधार नंबर अपलोड हो गया है तो उसमें सुधार किया जा सकेगा जिससे आयुष्मान कार्ड बनाने में गति आएगी। अब लोगों को लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने होंगे। जिलाधिकारी ने ऐसे सभी मामलों का सर्वे कर सूचीबद्ध करने तथा शेष लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में संचारी रोग अभियान की समीक्षा की गई तथा डेंगू किट उपलब्ध कराने तथा बुखार के केस में कंपलसरी जांच के निर्देश दिए। बैठक में जनपद के सभी आयुष्मान मंदिर को नेशनल सर्टिफिकेट हेतु कार्यवाही की समीक्षा में बताया गया कि 24 को प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है शेष हेतु राज्य स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया प्रगति में है। बैठक में बर्थ डिफेक्ट यथा फटे होठ, तालु, जन्मजात बहरापन, डाउन सिंड्रोम आदि की समीक्षा की गई, बर्थ डिफेक्ट बच्चों का स्कूलों में जाकर सर्वे करने, संबंधित द्वारा सर्वे किया गया है या नहीं की रिपोर्ट बेसिक शिक्षा विभाग से प्राप्त करने तथा जिला अस्पताल में बर्थ डिफेक्ट सर्जरी तथा जन्मजात बहरापन व अन्य की पहचान हेतु साउंड रूम आदि की सुविधाओं को विकसित किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।