आगरालीक्स…. आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि का बीएससी तृतीय वर्ष का मैथ और जुलॉजी का पेपर आउट, परीक्षा से एक घंटे पहले छात्रों के व्हाटस एप पर पहुंच गया पेपर।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आंबेडकर विवि की आगरा के साथ ही सात जिलों में बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय और तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार को 11.30 बजे से बीए, बीएससी तृतीय वर्ष मैथ और बीएससी तृतीय वर्ष जुलॉजी का पेपर था। आगरा कॉलेज में 10.30 बजे के बाद परीक्षा देने के लिए छात्र पहुंचने लगे।

कॉलेज के बाहर पेपर सॉल्व कर रहे थे छात्र
आगरा कॉलेज में प्रोक्टोरियल बोर्ड परीक्षा देने आ रहे छात्रों की चेकिंग कर रहा था, उसी दौरान प्रोक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों की नजर कॉलेज के बाहर झुंड बनाकर खड़े छात्रों पर पड़ी। प्रोक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची, छात्र मोबाइल से पेपर देखकर सॉल्व करने में जुटे हुए थे। प्रोक्टोरियल बोर्ड ने छात्रों को पकड़ लिया, उनके पास से मोबाइल जब्त कर लिए।
जांच में जुटी टीम
आंबेडकर विवि का पेपर आउट होने की सूचना पर एसपी सिटी के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए। मामले की जांच की जा रही है, पेपर का भी मिलान किया जा रहा है। पेपर परीक्षा से एक घंटा पहले आउट होने की बात कही गई है, विवि प्रशासन को परीक्षाओं को लेकर भी निर्णय लेना है।