आगरालीक्स…आगरा में तीन बच्चियों के ऊपर गिरी मिट्टी की ढाय. एक की मौत. मिट्टी खोदते समय हुआ हादसा
आगरा के थाना डौकी क्षेत्र में रविवार को मिट्टी खोदते समय हादसा हो गया. मिट्टी ढाय तीन मासूम बच्चियों के ऊपर गिर गई जिसमें तीनों दब गईं. लोगों ने तीनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. यहां एक बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई. बच्ची की मौत से घर में कोहराम मच गया है.

ये है मामला
मामला फतेहाबाद के थाना डौकी अंतर्गत गांव सैयद ठार का है. गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह की पुत्री 14 वर्षीय मीनेश, 8 वर्षीय विमलेश और महेश की 14 साल की बेटी कलावती रविवार सुबह लगभग आठ बजे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गांव सोरई के पास घर में लीपापोती करने के लिए मिट्टी लेने के लिए गई थीं. मिट्टी खोदते समय एक बड़ी ढाय बच्चियों के ऊपर गिर गई जिसके नीचे वो दब गईं. पास में खड़े एक और बच्चे के चिल्लाने पर वहां ग्रामीण पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए. सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए. करीब आधा घंटे बाद तीनों बच्चियों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. यहां शाम चार बजे मीनेश की उपचार के दौरान मौत हो गई. विमलेश और कलावती की भी हालत गंभीर है.