आगरालीक्स…आगरा में सर्दी का असर, 9 बजे ही बाजार होने लगे बंद. कई जगह सन्नाटा पसरा. लोग बोले—बर्फ पड़ना ही रह गया है अब बस…
आगरा में सर्दी आज इतनी अधिक है कि इसका असर लोगों की दिनचर्या पर खूब देखा गया. दिन में ही जहां लोगों ने घर से बाहर निकलना उचित नहीं समझा वहीं आज शाम को 9 बजे के बाद ही सभी बाजार बंद होने लगे. शहर के अधिकतर बाजारों में 9 बजे के बाद सन्नाटा पसर गया. व्यस्ततम रहने वाला दिल्ली गेट भी सूनसान सा नजर आया. कोल्ड डे को लेकर लोगों का कहना है कि आगरा में सिर्फ बर्फ पड़ना ही बाकी रह गया है बाकी आगरा इस समय शिमला बना हुआ है.
आगरा में रिकॉर्ड ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है. दो दिन खिली धूप ने लोगों को कुछ हद तक सर्दी से राहत दी थी लेकिन आज सुबह से ही हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है. दिनभर सूर्य नारायण बादलों में दुबके रहे. ठंडी हवाएं दिनभर चलती रहीं. ठंड के कारण लोग आफिसों और घरों में ही दुबके रहे. शहर के चौराहों और रास्तों पर लोग अलाव के सहारे बैठे रहे.
मंगलवार को आगरा का अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा. आगरा में आज ठंड का ऐसा हाल रहा कि शिमला और मसूरी से भी ज्यादा ठंडा आगरा रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा.