आगरालीक्स….आगरा में पोलियो जागरूकता को फिर से जीवित करने का प्रयास. रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा ने स्कूल अभियान के माध्यम से शुरू किया अभियान
पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम दुनिया के सबसे बड़े और लंबे स्वास्थ्य अभियानों में से एक है, और इसकी सफलता में रोटरी इंटरनेशनल ने अहम भूमिका निभाई है। रोटरी का मानना है कि पोलियो को पूरी तरह समाप्त करने के लिए टीकाकरण की औसत दर 95% होनी चाहिए। रोटरी के व्यापक टीकाकरण अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों के कारण, वैश्विक स्तर पर पोलियो के मामलों में भारी कमी आई है और हाल के वर्षों में केवल तीन मामले ही सामने आए।
हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में टीकाकरण दरों में गिरावट देखी गई है, जिससे पोलियो के मामलों में फिर से वृद्धि का खतरा बढ़ गया है। इस चुनौती को देखते हुए, रोटरी ने एक बार फिर इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए टीकाकरण कार्यक्रम को पुनर्जीवित करने का फैसला किया है। इसी कड़ी में, आगरा रोटरी क्लब अपने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरव निमेष के आव्हान पर अग्रवाल ने समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के लिए कई संपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी ली है। इसी श्रंखला मे क्लब ने कमला नगर स्थित सेक्रेड मदर जूनियर स्कूल में पोस्टर मेकिंग स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता मे विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और आकर्षक पोस्टर्स का सृजन किया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने कहा, “हम ऐसे और भी प्रतियोगिताएं और कार्यशालाएं अन्य स्कूलों में भी आयोजित करने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि यह अभिभावकों और समुदाय तक पहुंचने का एक प्रभावी माध्यम है।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में चुने गए 15 पोस्टर ऑनलाइन साझा किए जाएंगे ताकि और जागरूकता बढ़ाई जा सके। जिन तीन पोस्टरों को सबसे ज्यादा लाइक्स मिलेंगे, उन्हें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा।
स्कूल की प्रधानाचार्या, श्रीमती कृतिका टहिलयानी ने क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभियान स्कूल और समुदाय के लिए बेहद उपयोगी हैं और भविष्य में भी स्कूल ऐसे कार्यक्रमों के लिए तैयार है। इस कार्यक्रम में क्लब के उपाध्यक्ष रोटेरियन जितेंद्र जैन, रोटेरियन शैलेंद्र नाथ शर्मा, रोटेरियन मनोज आर कुमार, मधु चतुर्वेदी, रुचि तिवारी, ज्योति सिंह, मधुरी मिश्रा और पूजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।