आगरालीक्स…आगरा में यमुना की सफाई को जुटे पर्यावरणविद्, समाजसेवी और व्यापारी. विश्व पर्यावरण दिवस व गंगा दशहरा के लिए तैयारियां की शुरू…
रविवार सुबह, यमुना आरती स्थल, एत्माद्दौला व्यू प्वाइंट पर यमुना सफाई महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें आगरा नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों ने शहरवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया। इस अभियान में रिवर कनेक्ट कैंपेन और इंडिया राइजिंग के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर यमुना नदी से कई ट्रैक्टर कचरा निकाला गया, जो नदी की सफाई के प्रति सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के बृज खंडेलवाल ने सभी प्रतिभागियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि आगरा के नागरिक भविष्य में भी यमुना की सफाई के इस पवित्र कार्य से जुड़े रहेंगे। यह आयोजन न केवल नदी की स्वच्छता के लिए था, बल्कि आगामी गंगा दशहरा उत्सव की तैयारियों का भी हिस्सा रहा।कार्यक्रम में सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ हरेंद्र गुप्ता, पद्मिनी अय्यर, डॉ मुकुल पांड्या, चतुर्भुज तिवारी, दिलीप जैन, जगन प्रसाद तेरिया, पूजा भौमिक, बग्गा एसके, संजय प्रकाश दीक्षित, जुगल श्रोत्रिय, अभिनव श्रोत्रिय, वल्लभ विनोद अग्रवाल, सुशील गोस्वामी, धर्मेंद्र शर्मा, रंजन शर्मा, मुकेश चौधरी, वत्सला प्रभाकर, अभिषेक मेहरोत्रा उपस्थित रहे। नितिन जौहरी के नेतृत्व में इंडिया राइजिंग के वालंटियर्स ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यमुना की पुकार: एक चेतावनी और एक आह्वानपर्यावरणविद डॉ देवाशीष भट्टाचार्य ने कहा "यमुना नदी, जो कभी आगरा की जीवनरेखा थी, आज प्रदूषण और उपेक्षा के कारण मृतप्राय हो चुकी है। इसका जल विषाक्त और किनारे सूख चुके हैं। ताजमहल की छाया में बही यह नदी अब हमसे कार्रवाई की मांग कर रही है।" यमुना आरती महंत पंडित जुगल किशोर ने कहा "यमुना सफाई महोत्सव इसी दिशा में एक जन आंदोलन है, जिसका उद्देश्य नदी को स्वच्छ करना, जागरूकता फैलाना और हमारी सांस्कृतिक धरोहर को बचाना है।"
आगरा नगर निगम के अधिकारियों ने सभी पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि वे यमुना मइया के प्रति अपनी श्रद्धा और कर्तव्य का निर्वहन करें। अगले आयोजन में शामिल हों और यमुना को पुनर्जनन देने में अपना योगदान दे।