आगरालीक्स…आगरा की 15 फैमिली ने अपने सौ—सौ गज के प्लॉट को पीएम मोदी के नाम करने का ऐलान किया है. जानिए क्या है पूरा मामला…
आगरा के 15 परिवार अपने सौ—सौ गज के प्लॉट को पीएम मोदी के नाम करेंगे. यही नहीं उन्होंने इंसाफ न मिलने पर राष्ट्रपति से संसद भवन के परिसर में जहर खाकर इच्छा मृत्यु की गुहार भी लगाई है.
मामला गांधी नगर के रहने वाली आरएन शुक्ला से जुड़ा हुआ है. आरएन शुक्ला दूरसंचार मंत्रालय से रिटायर्ड हैं. उन्होंने बताया कि सर्विस के दौरान उन्होंने दिल्ली में रहते हुए 1990—91 में रेल विहार सहकारी समिति का सदस्य बने थे. इासमें 302 मैंबर शामिल थे और सभी सरकारी नौकरी में थे. उन्होंने बताया कि गाजियाबाद की लोनी तहसील के अंतगत साबदुल्लाबाद में समिति ने 135 बीघा जमीन कर सदस्यों के लिए प्लॉट काटे. 1996 में 330 रुपये प्रति गज के हिसाब से 100—100 गज के प्लॉट आवंटित हुए.

उन्होंने बताया कि 2013 में जब वह रिटायर्ड हुए तो देखा कि प्लॉट पर कब्जा हो चुका था. समिति के अध्यक्ष और सचिव व सदस्य भी बदल गए. 26 साल बाद भी प्लॉट पर मकान नहीं बना पाए. उन्होंने बताया कि पीड़ितों में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के परिवार भी शामिल हैं. इनमें से 15 परिवारों ने आवंटन पत्र, स्टांप पेपर व अन्य दस्तावेज पीएम मोदी के नाम लिख दिए हैं.
उन्होंने कहा कि सभी ने बैनामा पत्र पीएम मोदी के नाम कर दिए हैं. हस्ताक्षर पीएम मोदी के सामने करेंगे. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक चिट्ठी भी भेजी है, जिसमें इंसाफ की मांग की गई है. उनहोंने कहा कि अगर हमें न्याय नहीं दे सकते तो हमारी संपत्तियां रख लें और हमें इच्छा मृत्यु की अनुमति प्रदान करें.