आगरालीक्स ….आगरा की एक फैक्ट्री में लिवाइस कंपनी की नकली जींस बनाई जा रही थी, पुलिस के साथ कंपनी के अधिकारियों ने फैक्ट्री पर छापा मारा। बड़ी मात्रा में जींस और एक अन्य कंपनी की शर्ट जब्त की गई हैं, मुकदमा दर्ज।

ब्रांडेड कंपनियों ने डुप्लीकेसी रोकने के लिए थर्ड पार्टी से अनुबंध किया है। लिवाइस और सुपर ट्राई कंपनी ने डुप्लीकेसी रोकने के लिए नेत्रिका कंसल्टिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया है। कंपनी के टीम लीडर नितिन कुमार निवासी मुबारकपुर डबास दिल्ली ने दी तहरीर में कहा है कि कुबेरपुर में एक फैक्ट्री में लिवाइस और सुपर ट्राई कंपनी की जींस और शर्ट बनाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस को सूचना दी, पुलिस के साथ यमुना एक्सप्रेस वे के पास बिहारीपुर रोड पर आरएस ग्रुप आफ इंडस्ट्री के नाम से चल रही फैक्ट्री पर छापा मारा।
लिवाइस और सुपरट्राई कंपनी की जींस और शर्ट की बरामद
टीम ने छापे में फैक्ट्री से लिवाइस कंपनी के नाम से बनाई गई 225 जींस और सुपर ट्राई कंपनी के नाम से बनाई गईं 108 जींस और 23 शर्ट, एक सिलाई मशीन बरामद की है। फैक्ट्री में मिले कर्मचारी ने अपना नाम अंकित यादव निवासी कुबेरपुर बताया, उसने पूछताछ में बताया कि फैक्ट्री के संचालक टीकम हैं।
मुकदमा किया गया दर्ज
इस मामले में एत्मादपुर के थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान का कहना है कि टीकम के खिलाफ कापीराइट अधिनियम की धारा 63, 65 ट्रेड मार्क अधिनियम 103 104 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सांकेतिक फोटो