आगरालीक्स …आगरा में प्लाट में फेंकी गई सैंपल की दवाओं के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज। पुलिस दबिश दे रही है, सोनू अग्रवाल को रिमांड पर लेकर सैंपल की दवाओं का अवैध धंधा करने वालों की धरपकड़ की जाएगी।
आगरा में एसटीएफ और ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने 12 मई को ताजगंज क्षेत्र में हॉकर सोनू अग्रवाल के किराए के कमरे पर बनाए गए गोदाम पर छापा मारा था। गोदाम से बड़ी मात्रा में सैंपल की दवाएं जब्त की थी, इसके दो दिन बाद 14 मई को कार्रवाई के डर से थाना छत्ता के सिंगी गली में खाली प्लाट में सैंपल की दवाओं के कार्टन फेंक दिए गए थे इन्हें जब्त कर लिया गया था।

पानीपत से भेजी गई सैंपल की दवाएं, तीन पर मुकदमा दर्ज
प्लाट में फेंकी गई दवाओं के कार्टन पर नाम और मोबाइल नंबर भी लिखे हुए थे। निरीक्षक हुकुम सिंह का कहना है कि कार्टन पर अतुल गुप्ता का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज था। भेजने वाले का पता हिमांशु मल्होत्रा पानीपत लिखा हुआ था और कोरियर के माध्यम से दवाओं की सप्लाई की गई थी। इस मामले में आनंदी विहार शमसाबाद रोड निवासी अतुल गुप्ता, सिंगी गली निवासी अरुण और एलआईसी कालोनी शसामाबाद रोड निवासी आरके गुप्ता उर्फ रचित गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिमांड पर लेकर सोनू से होगी पूछताछ
इस मामले में एसटीएफ की टीम जेल भेजे गए सोनू अग्रवाल को रिमांड पर लेगी, उससे सैंपल की दवाओं के गिरोह का पता चल सकता है। कई और गोदाम भी हैं, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।