आगरालीक्स…. आगरा के आंबेडकर पुल में आई दरार, 12 साल में 18 बार हो चुकी है मरम्मत, हर रोज गुजरते हैं 40 हजार से अधिक वाहन।
आगरा में एत्माउददौला को यमुना किनारा रोड़ से जोड़ने के लिए 2008 में बसपा सरकार में 30 करोड़ रुपये की लागत से आंबेडकर पुल बनाया गया। 2010 में पुल को वाहनों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद से ही पुल में कमियां मिलने लगी। कई बार दरार पड़ चुकी है।

चार इंच से ज्यादा बड़ी दरार
आंबेडकर पुल में चार इंच से बड़ी दरार पड़ गई है, लिंटर से सीमेंट गिर गया है और करीब 12 इंच तक सरिया दिखाई दे रही है। पुल से हर रोज बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, पर्यटकों के वाहन भी इसी पुल से होकर जाते हैं। पुल में दरार आने से वाहन चालक भी सकते में हैं।
18 बार हो चुकी है मरम्मत
आंबेडकर पुल से साल 2010 में वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था, पुल में कई बार दरार पड़ चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 12 साल में पुल की 18 बार मरम्मत कराई जा चुकी है। राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक वेद प्रकाश का मीडिया से कहना है कि टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी, दरार की मरम्मत करते समय वाहनों का आवा गमन रोकना पड़ेगा।