आगरालीक्स…आगरा में बिरयानी खा रहे युवक और दुकानदार के ऊपर गिरा जर्जर छज्जा. चार घायल जिनमें एक की हालत गंभीर…
आगरा के थाना सदर स्थित शहीद नगर में गुरुवार को बिरयानी के दुकानदार और बिरयानी खा रहे एक युवक के ऊपर जर्जर छज्जा गिर गया. छज्जे के ऊपर एक लड़का खड़ा हुआ था. घटना में चार लोग घायल हो गए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यहां का है मामला
मामला शहीद नगर का है. यहां ईडब्ल्यूएस क्वार्टर बना हुआ है. इसके छज्जे के नीचे ही बबलू की बिरयानी नाम की दुकान लगती है. रोजाना की तरह आज सुबह दुकानदार और उसका बेटा दुकान पर बैठे थे जबकि पक्की सराय का रहने वाला युवक कामरान बिरयानी खा रहा था. जर्जर छज्जे के ऊपर राजा नाम का लड़का खड़ा हुआ था. अचानक से मकान का जर्जर छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया. छज्जा गिरने से राजा, ग्राहक कामरान, दुकानदार बबलू और उसका बेटा घायल हो गया. आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी को मलबे में से निकाला. सूचना पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां, कामरान की हालत गंभीर है, उसके सिर में चोट ज्यादा है.