आगरालीक्स…आगरा में नवरात्रि से पहले एफएसडीए की कार्रवाई…38 पैकेट कुट्टू के आटा और 100 किलो सरसों का तेल किया सीज. सिंघाड़े का आटा, मूंगफली दाना, देशी घी सहित 13 खाने पीने की चीजों के नमूने जांच को भेजे
शारदीय नवरात्र से पहले एफएसडीए की ओर से शुक्रवार को विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 13 खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे तो वहीं 38 पैकेट कूट्टू के आंटे और 100 किग्रा सरसों का तेल जब्त भी किया है.
इन प्रतिष्ठानों पर पर जांच को पहुंची टीम
मैसर्स जिंदल ट्रेडर्स, अछनेरा, आगरा: कुट्टू के आटे का एक नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही 38 पैकेट, कुल वजन 7.600 किलोग्राम एवं अनुमानित कीमत ₹950 का कुट्टू का आटा जब्त किया गया।
मैसर्स प्रीत किराना स्टोर, बुंदू कटरा, आगरा: मूंगफली दाना का एक नमूना संग्रहित किया गया।
मैसर्स जय शिव शंकर ट्रेडर्स, बुंदू कटरा, आगरा: साबुत कुट्टू का एक नमूना संग्रहित किया गया।
मैसर्स द्वारिकाधीश फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, नुनिहाई रोड, आगरा: घी के तीन नमूने संग्रहित किए गए।
मैसर्स जेप्टो लिमिटेड, के.के. नगर, सिकंदरा, आगरा:* आनंदा एवं मिल्कफूड ब्रांड के देसी घी के दो विधिक नमूने संग्रहित किए गए।
मैसर्स बंसल गृह उद्योग, कृष्णा नगर, आगरा: कुट्टू गिरी एवं सिंघाड़े के आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए।
मैसर्स गोपालदास ऑयल स्टोर, बलदेव गंज, लोहामंडी, आगरा: कृष्णा ब्रांड घी, माधव ब्रांड घी एवं सरसों के तेल के तीन नमूने संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त 100 लीटर सरसों का तेल, ₹180 प्रति लीटर की दर से कुल अनुमानित कीमत ₹18,000, जब्त किया गया।
संग्रहित खाद्य नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आमजन एवं खाद्य कारोबारियों से अपील
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आगरा द्वारा आम जनमानस एवं खाद्य कारोबारियों से अपील की गई है कि नवरात्रि एवं अन्य व्रत-त्योहारों के दौरान व्रत में प्रयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण का विशेष ध्यान रखें। खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।