आगरालीक्स…दुखद, गोदभराई के बाद बाइक पर लौट रही युवती की एक्सीडेंट में मौत. कुछ ही देर में मातम में बदल गईं खुशियां
आगरा में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई. एक्सीडेंट से कुछ देर पहले ही उसका रिश्ता तय हुआ था. होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी गोदभराई की रस्म पूरी की थी. युवती अपनी बहन के बेटे के साथ बाइक से घर वापस लौट रही थी लेकिन रास्ते में ट्रक की टक्कर से उसकी मौत हो गई.
मूल रूप से फिरोजाबाद के नगला सिंघी की रहने वाली 20 वर्षीय ममता की गोद भरने होने वाले ससुराल पक्ष के लोग आए थे. बटेश्वर में गोदभराई का कार्यक्रम था. गोदभराई होने और रिश्ता तय होने से दोनों ही पक्षों में खुशी थी. कार्यक्रम के बाद युवती अपनी बहन के बेटे के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थी.
फतेहाबाद आगरा मार्ग पर मल्लापुरा गांव के मोड़ पर पीछे से एक ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी. दोनों बाइक सवार गिर गए. ममता की हालत नाजुक देख सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला है. युवती की मौत से परिजनों मे कोहराम मच गया है.