आगरालीक्स...आगरा के आवास विकास सेक्टर-6 में मां भगवती की भव्य महाआरती, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुए श्रद्धालु…
आवास विकास सेक्टर-6 में रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत मां भगवती की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भाग लिया। मां भगवती के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। महोत्सव के संरक्षक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा, “नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। मां भगवती की आराधना हमें शक्ति, सेवा, संस्कार और सकारात्मकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। हमारा प्रयास है कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ा जाए।”
आयोजक लंकेश दीपक सारस्वत ने कहा, “नवरात्रि महोत्सव क्षेत्रवासियों की श्रद्धा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। सभी के सहयोग से महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। हम सभी श्रद्धालुओं के आभारी हैं और कामना करते हैं कि मां भगवती की कृपा सभी पर बनी रहे।” डॉ. राम नरेश शर्मा, राष्ट्रीय सह मंत्री, विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद एवं ब्रज प्रांत सह-संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में संस्कार, समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। इस अवसर पर निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत, टोनी वर्मा, पंकज तायल, आकाश सारस्वत, नकुल सारस्वत, दीपु चौहान, ज्वाला प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत 19 अक्टूबर को छप्पन भोग एवं डांडिया तथा 20 अक्टूबर को कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों से सपरिवार शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।