आगरालीक्स…आगरा में दिल्ली से लाई एक युवती आधी रात को बदहवास हालत में घूम रही थी. पैरों में नहीं थी चप्पल, चेहरे पर था डर…
आगरा में आधी रात को एक युवती नंगे पांव बदहवास हालत में घूम रही थी. उसके चेहरे पर डर और घबराहट थी. होटल से लौट रहे तीन युवकों ने उसकी मदद करने पर विश्वास में लिया और पुलिस को सूचना दी. युवती दिल्ली की रहने वाली थी. पुलिस ने उससे पूछताछ की, इसके बाद दिल्ली से उसकी मां को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया.
जानिए क्या है पूरा मामला
मामला थाना एकता क्षेत्र के सौ फुटा रोड पर रात 12 बजे का है. यहां एक 19 साल की युवती बदहवास हालत में घूम रही थी. वह लांग शर्ट और शॉर्ट पहने हुई थी. होटल से लौट रहे तीन युवकों की नजर उस पर पड़ी तो देखा युवती के पैरों में चप्पल भी नहीं थी और उसके चेहरे पर डर और घबराहट थी. युवकों ने उसके पास जाकर बात करने का प्रयास किया तो वह घबराकर और दूर हो गई. युवकों को शक हुआ कि वह किसी परेशानी में है. इस पर वह युवती के पास दोबारा गए और कहा कि वह खुद को सेफ समझे. इस पर युवती ने कहा कि उसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर लेकर जाएं जिस पर युवक उसे पंचवटी कॉलोनी के पास लेकर आए और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने युवती को महिला थाने भेज दिया.
दिल्ली से भेजा था स्पा सेंटर में नौकरी के लिए
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह दिल्ली में नेहरू प्लेस की रहने वाली है और दिल्ली में स्पा में काम करती थी. स्पा संचालिका ने उसे अच्छी सेलरी की बात बोलकर आगरा लाई थी. रविवार शाम को वह महिला के साथ यहां आई थी लेकिन वह यहां काम के लिए गई तो वहां का माहौल अच्छा नहीं लगा. इस पर वह वहां से निकल आई. शहर में अनजान होने के चलते वह किसी पर भरोसा नहीं कर सकती थी. इसलिए वह कैब लेकर दिल्ली घर लौटना चाहती थी. युवती ने बताया कि घर में उसके माता पिता और छोटा भाई है. मां भी नौकरी करती है. पुलिस ने इसकी सूचना उसके घरवालों को दी जिस पर युवती की मां आई थी और युवती को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है.