आगरालीक्स…आगरा में मार्च में ही गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड. दिन में पंखों की हवा भी गर्म. दिन और रात का तापमान 5 डिग्री ऊपर. पढ़ें मौसम का अपडेट
आगरा में मार्च के महीने में ही गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है. हाल ये है कि दोपहर के समय अब तो पंखे की हवा भी गर्म लग रही है. होली के बाद से गर्मी में और तीव्रता आई है. शुक्रवार की तरह शनिवार को भी धूप का प्रभाव दिन में इतना अधिक था कि एक पल भी धूप में ठहरना मुश्किल हो रहा है. शाम होने के बाद भी मौसम में गर्माहट बनी रहती है. तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मार्च के महीने में ही आगरा का तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.