आगरालीक्स ……आगरा एक बड़े होटल में मैनेजिंग डायरेक्टर और वाइस चेयरमैन सगे भाईयों के बीच चले लात घूसें के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी, जिससे बोर्ड मीटिंग में हुए घटनाक्रम की पड़ताल की जा सके। वाइस चेयरमैन ने भी मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।

आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल अमर में मंगलवार को चेयरमैन अमरदेव साहनी ने बोर्ड बैठक बुलाई थी। इसमें उनके बड़े बेटे रोमिंदर सिंह होटल के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और छोटे बेटे जसविंदर सिंह होटल के वाइस चेयरमैन सहित कंपनी सैक्रेटरी शामिल हुए। बोर्ड बैठक के दौरान होटल अमर का व्यवसाय बढ़ाने की चर्चा के बीच विवाद हो गया, मामला मारपीट तक पहुंच गया। मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह ने छोटे भाई वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह पर बोर्ड बैठक में लात घूसों से मारने, पानी का गिलास फेंकने, रिवाल्वर की बट से प्रहार करने के आरोप लगाए थे, इस मामले में थाना ताजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
दर्ज कराया गया फर्जी मुकदमा
इस मामले में होटल के वाइय चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी का कहना है कि बोर्ड बैठक में मेरे पास पिस्टल नहीं थी और न ही मारपीट की है, फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। डाक के माध्यम से अधिकारियों को तहरीर भेजकर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस खंगालेगी सीसीटीवी
इस मामले में पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी खंगालेगी, जिससे पता चल सके कि बोर्ड बैठक में क्या हुआ था। सीओ सदर, राजीव कुमार का मीडिया से कहना है कि पूरा प्रकरण संपत्ति के विवाद का है।