आगरालीक्स…आगरा में मार्च में क्या इस बार आपको भी मई जैसी गर्मी महसूस हुई ? यह अल नीनो का असर है, पर्यावरणविद् बोले आगे—आगे देखिए कभी तेज गर्मी, कभी बारिश तो कभी हल्की ठंड भी महसूस होगी
आगरा में मार्च खत्म हुआ नहीं कि भीषण गर्मी शुरू हो गई है। मार्च के आखिरी दिनों में आपको भी मई जैसी गर्मी महसूस हुई होगी। पर्यावरण विशेषज्ञों की मानें तो यह अल नीनो का असर है। अभी आने वाले दिनों में आपको मौसम का और भी अजीब बर्ताव देखने को मिल सकता है। कभी बहुत तेज गर्मी, कभी अचानक बारिश तो कभी हल्की ठंड महसूस होगी।
आगरा में अप्रैल माह का पहला दिन काफी गर्म रहा। दिन का अधिकतम तापमान 37 तो वहीं रात का 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च के आखिर में यह अधिकतम 39 और न्यूतम 21 डिग्री सेल्सियस भी जा पहुंचा था। वहीं 04 अप्रैल तक दिन का अधिकतम तापमान 40 और रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहले से अधिक गर्मी का अनुमान जताया है। साथ ही सावधान रहने की सलाह दी है। वहं पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी हैरान करने वाली जानकारी दी। डीईआई के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रो. रंजीत ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में और भी अधिक तेजी से बदलाव देखने को मिलेंगे। अभी के दिनों में आप सुबह के समय चादर ओढ़ने लायक ठंड महसूस कर सकते हैं जबकि सुबह आठ बजे से गर्मी और 10 बजे तक तेज धूप महसूस होने लगी है।
मौसम का यह बर्ताव अलग है। आने वाले कुछ दिनों में भी गर्मी अचानक बढ़ती महसूस होगी और फिर अचानक बेमौसम बारिश होने लगेगी। आप कभी भी बारिश होती देख सकेंगे। बड़ी बात नहीं है कि अचानक से हल्की ठंड भी महसूस होने लगे। बीच—बीच में हीट वेव परेशान करती रहेगी। प्रो. रंजीत कहते हैं कि यह वेस्टर्न डिस्टर्वेंश और हाल के कुछ सालों में शहरों के साथ तेजी से हुई छेड़छाड़ का भी असर है। मसलन 1993—94 में गर्मियों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री तक ही पहुंचता था लेकिन अब यह 48 डिग्री तक भी दर्ज किया जाता है। यह सब ग्लोबल वॉर्मिंग और पर्यावरण से हुई छेड़छाड़ का असर है।