आगरालीक्स... आगरा में जनगणना के दौरान मकानों की भी होगी गणना. एक महीने होगी मकानों की गिनती. फील्ड ट्रेनर्स की ट्रेनिंग शुरू
आगरा सहित पूरे प्रदेश में जनगणना के साथ ही मकानों की गणना की जाएगी. यह कार्य पूरे एक महीने तक चलेगा. सोमवार को जिलाधिकारी ने इसको लेकर बैठक की। आगरा में फील्ड ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दे दी गई है। इसके अनुसार 05 बैच में कुल 160 फील्ड ट्रेनर्स (एफटी) को 03 दिवसीय प्रशिक्षण में 04 मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा।
16 मार्च से 18 मार्च, 2026 तक दो बैचों का प्रशिक्षण राजकीय इंटर कालेज, आगरा में आयोजित किया जा रहा है, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं को गंभीरतापूर्वक प्रशिक्षण ग्रहण करने व सभी शंकाओं का समाधान प्रशिक्षण सत्र में प्राप्त करने तथा हेतु निर्देशित किया। जनपद आगरा में अनुमानित रूप से कुल 10527 प्रगणकों (ग्रामीण-चार्जों के लिए 5360 व नगरीय चार्जों के लिए 5167) व 1755 पर्यवेक्षकों (ग्रामीण- चार्जों के लिए 893 व नगरीय चार्जों के लिए 861) को फील्ड कार्य के लिए लगाया जाना है, जिनका प्रशिक्षण माह अप्रैल व मई में सम्पन्न कराया जाना हैं। 160 फील्ड ट्रेनर सभी प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। 23 मार्च से 25 मार्च व 27 मार्च से 29 मार्च, 2026 को डायट, आगरा में अन्य तीन बैचों का तीन प्रशिक्षण आयोजित किया जाना है। जनगणना-2027 पूर्ण रूप से डिजिटल है, समस्त कार्य डिजिटल रूप में ही सम्पन्न कराया जायेगा।