आगरालीक्स…पत्नी के मायके से न आने पर पति ने फांसी लगाकर दी जान. चार साल पहले हुई थी शादी, मृतक का दो साल का बेटा…
आगरा के फिरोजाबाद जिले में बुधवार दोपहर को एक युवक ने कमरे में फांसी का फंदा बनाकर उस पर लटककर अपनी जान दे दी. मृतक पत्नी के मायके से वापस न आने पर आहत था. परिजन उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर गए लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

ये है मामला
मामला थाना रसूलपुर के मोहल्ला आसफाबाद मठ मंदिर वाली गली का है. यहां रहने वाले इकबाल का चार साल पहले सादाबाद की रहने वाली युवती केसाथ निकाह हुआ था. इकबाल का दो साल का बेटा है. कारखाने में काम करने वाले इकबाल की पत्नी दो माह पहले अपने मायके चली गई थी. उसे बुलाने के लिए दो बार इकबाल ससुराल गया लेकिन पत्नी वापस नहीं आई. कल मंगलवार को इकबाल की मां भी बहू को बुलाने के लिए उसके मायके गई लेकिन बहू ने आने से मना कर दिया. इससे आहत हो इकबाल ने बुधवार दोपहर घर के कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है.