आगरालीक्स…आगरा में करोड़ों रुपये में बने वेंडिंग जोन पर होने लगे अवैध कब्जे. किसी ने खोल ली मोमोज की स्टॉल तो किसी ने लगा ली जूते की फड़. जिन्होंने दुकान के लिए फार्म भरे थे, वो कर रहे इंतजार
आगरा में पिछले नगर निगम ने वेंडिंग जोन बनाने शुरू किए थे. शहर के खंदारी पर मास्टर प्लान रोड, राजा की मंडी चौराहे से नूरी दरवाजा जाने वाले मार्ग पर, कारगिल के पास, बोदला रोड पर आवास विकास सहित कई वेंडिंग जोन बनाए गए. शहर के लगभग हर एरिया में बनाए गए इन वेडिंग जोन में 2500 दुकानें बनाई जानी थी. इन दुकानों का एक जैसा रंग और आकार होना था. नगर निगम द्वारा इन वेडिंग जोनों में दुकानें लेने के लिए लोगो से फार्म भी भरवाए गए लेकिन इसके बाद क्या हुआ कुछ पता नहीं चला. लोग अभी भी अपने फार्म का इंतजार कर रहे है.
जिन्होंने फार्म फिल किया था उनको तो कुछ पता नहीं चला लेकिन कई लोगों ने खुद ही इन वेडिंग जोनों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. खंदारी मास्टर प्लान रोड पर बने वेडिंग जोन में पहले एक ने मोमोस की स्टॉल लगाई, धीरे—धीरे यहां तीन से चार फूड स्टॉल्स लगना शुरू हो गई हैं. इसी तरह कारगिल के पास वेडिंग जोन में लोगों ने फड़ लगाना शुरू कर दिया है. कोई जूते बेच रहा है तो कोई अन्य सामान. राजा की मंडी नूरी दरवाजा पर बने रोड पर स्पोटर्स की स्टॉल्स बना ली गई है.
लॉटरी सिस्टम से होना है आवंटन
वेंडिंग जोन की दुकानों का आवंटन लॉटरी से होगा, जिससे दुकानों के आवंटन पर सवाल न उठ सकें. जिन क्षेत्रों में वेंडिंग जोन बनेंगे वहां ठेल ढकेल नहीं लगेंगे. यह कहना था नगर निगम का. लेकिन फार्म भरे जाने के बाद अभी तक आवंटन नहीं हो सका है.