आगरालीक्स…आगरा के कमला नगर में आवासीय भूमि पर चल रहे हॉस्पिटल को अवैध बताने और दो दिन के नोटिस पर आईएमए ने जताया विरोध. कहा—अस्पताल बंद होंगे तो कैसे होगा जनता का इलाज
आवास विकास परिषद की ओर से अवैध निर्माणों पर एक्शन लिया जा रहा है. आवासीय भूमि पर चल रही व्यावसायिक गतिवधि को सील किया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार को परिषद की ओर से कमला नगर योजना में अभियान चलाया गया, जहां संपत्ति संख्या D/242 (डॉ. राजीव मंगल एवं डॉ. अनीता मंगल) पर आवासीय भूखंड में सीताराम हार्टकेयर एंड मैटरनिटी सेंटर के नाम से अस्पताल संचालित पाया गया, जिसे परिषद ने पूर्णतः अवैध माना. अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अभियंता द्वारा भवन स्वामियों को दो दिन का समय दिया गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी.आईएमए ने जताया विरोध, जताई चिंता
आवास विकास परिषद की ओर से की गई इस कार्रवाई और नोटिस से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा गहरी चिंता और कड़ा विरोध व्यक्त किया गया है. अध्यक्ष डा पंकज नागायच ने कहा यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, विशेषकर जब इसे हाल के माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के संदर्भ में लागू किया जा रहा है. हॉस्पिटल बंद होने से जनता बेहाल होने लगेगी. उन्होंने कहा कि हम शासन प्रशासन से जानता के इलाज को बंद ना करने की गुहार लगाते हैं. सचिव डा रजनीश मिश्रा ने कहा आईएमए आगरा का स्पष्ट मानना है कि चिकित्सा सेवाएं कोई सामान्य व्यापार नहीं हैं, बल्कि यह एक अत्यावश्यक और मानवीय सेवा है, जो समाज के हर वर्ग के जीवन से सीधे जुड़ी हुई है. इस प्रकार के नोटिस न केवल चिकित्सकों के मनोबल को प्रभावित करते हैं, बल्कि आम जनता की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी गंभीर रूप से बाधित करते हैं. कोषाध्यक्ष डा मुकेश भारद्वाज ने कहा आगरा प्रशासन से मांग करता है कि इस विषय में तुरंत स्पष्टता प्रदान की जाए और ऐसे सभी नोटिसों को वापस लिया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी व्यवधान के जारी रह सकें. आईएमए ने कहा कि हम सभी जन प्रतिनिधियों से भी समस्या के समाधान के लिए मिलेंगे.