आगरालीक्स…आगरा के नैनाना जाट में इलाज करने पहुंचे आईएमए के डॉक्टर्स. कैम्प लगाकर 100 से अधिक मरीज देखे. पैरालाइसिस व चर्म रोग जैसी बीमारियों से ग्रस्त हैं यहां लोग
ग्वालियर रोड स्थित नैनाना जाट में कोई पैरालिसिस से पीड़ित है तो कोई चर्म रोग से। दवा के बावजूद किसी के फुंसी फोड़े ठीक नहीं हो रहें तो कोई दमा से ग्रसित है। यह तब पता चला जब आईएमए ने रविवार को यहां हेल्थ चेकअप कैंप लगाया। इस दौरान 100 से अधिक ऐसे मरीजों की जांच की गई जिसमें इस तरह की बीमारियां पाई गईं। मरीजों को अच्छे चिकित्सक से इलाज कराने की सलाह दी गई है।
उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के बाल शल्य चिकित्सक डाॅक्टर राहुल देव शर्मा ने बताया कि नैनाना जाट के लोगों की अपील पर आईएमए की ओर से यहां स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। कई मरीज ऐसे आए जो पैरालाइसिस से ग्रसित थे। बच्चों में तरह-तरह की बीमारी पाई गईं। चर्म रोग, फुंसी फोड़े आदि के मरीज ज्यादा मिले। दवा लेने के बावजूद लोगों की बीमारियां ठीक नहीं हो रही हैं। गर्भवती महिलाओं में स्पाइना बायफिडा नामक बीमारी फैलने की आशंका है। इस बीमारी से बच्चों के दोनों पैर खराब हो जाते हैं। सिर में पानी भर जाता है। रीढ़ की हड्डी भी खराब होने का डर रहता है। ऐसी स्थिति में बच्चों का पेशाब और लैट्रिन पर नियंत्रण नहीं रहता।
डाॅक्टर शर्मा ने बताया कि पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक होने की वजह से यहां इस तरह की बीमारियां फैल रही हैं। लोगों को अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आईएमए के प्रेसिडेंट डाॅक्टर अनूप दीक्षित, डाॅक्टर पंकज नगायच, डाॅक्टर ओपी यादव, डाॅक्टर डीवी शर्मा, डाॅक्टर अतुल जैन, डाॅक्टर नवनीत ने भी मरीजों को परामर्श दिया।