आगरालीक्स…आगरा की यह 10 सड़क पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त होंगी. मंडलायुक्त ने किया दौरा. दुकानदारों को दी तीन दिन की चेतावनी. व्हीकल फ्री, अवैध वेंडर्स फ्री होंगे मार्केट
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, पुलिस कमिश्नर डॉ.प्रीतिंदर सिंह तथा जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी द्वारा पूर्व में शहर की प्रमुख 10 सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु दिए निर्देशों का मौके पर कितना प्रभावी अनुपालन हुआ है की समीक्षा की तथा निरीक्षण किया। मंडलायुक्त सबसे पहले मॉल रोड,जीपीओ चौराहे पर पहुंची जहां कोई वेंडर सड़क पर नही पाया गया, मंडलायुक्त महोदया के द्वारा जानकारी करने पर बताया गया कि वेंडर्स को हटा दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा पूछे जाने पर कि हटा कर कहां उनको वेंडिंग जोन में स्थापित किया गया है, अधिकारी इसका जवाब नही दे सके, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वेंडर्स का भी परिवार है, जीविका के लिए वह यहां से हटने पर कही अन्य स्थान पर दुकान लगाएंगे, मौके पर ही मंडलायुक्त महोदया ने पीओ(डूडा) को तलब किया उन्होंने बताया कि शहर में 03 जोन हैं तथा 05 जोन हेतु प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, कुल वेंडर्स की संख्या पूछे जाने पर बताया गया कि कुल 80 हजार पंजीकृत वेंडर्स है।

जीपीओ के पास शहीद अशफाक उल्ला चौराहे से प्रतापपुरा साइड रिक्त स्थान पर वेंडर्स को जगह चिह्नित करने, पीएम स्वनिधि से लोन तथा साफ सफाई हेतु उनकी स्किल ट्रेनिंग कराने तथा डस्टबिन रखवाने हेतु पीओ डूडा तथा नगरनिगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रताप पुरा चौराहा पर मोटर गैराज, दुकानों के आगे अतिक्रमण को हटाने, दुकानदारों को नोटिस देने के निर्देश दिए।

सदर बाजार में सौदागर लाइन को व्हीकल फ्री, अवैध वेंडर्स को हटाने पार्किंग हेतु व्यवस्थित जगह चिह्नित करने, साइनेज, वॉल पेंटिंग, विद्युत तारों को व्यवस्थित करने को निर्देशित किया। तत्पश्चात ग्वालियर रोड का निरीक्षण किया उक्त रोड पर लगने बाली फल मंडी में गंदगी और जूस व फल के ठेलों पर खुलेआम पॉलीथिन का प्रयोग होते मिला, जिलाधिकारी ने स्वयं वेंडर्स के ठेल से पॉलीथिन की गड्डियां निकाली, मौके पर ही नगर निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा फल विक्रेताओं को पॉलीथिन के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभाव बताए तथा जागरूक किया।

मधु नगर, बिंदु कटरा चौराहे तक दुकानों के आगे अतिक्रमण को देख कर मंडलायुक्त महोदया ने सख्त नाराजगी व्यक्त की तथा दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने हेतु बात की,03 दिन में नगर निगम, के जोन प्रभारी को दुकानदारों से बैठक कर उनकी सहमति से दुकान के आगे किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा रोड पर लगे अनावश्यक पोल को हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, डीसीपी सिटी सूरज राय, एडीएम सिटी अनूप कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अरुण चंद्र, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र सिंह, सीओ सदर अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।