आगरालीक्स…आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रालय का काम इसी महीने से शुरू करने और दिसंबर तक तैयार करने के निर्देश. मंत्री ने प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को बांटे चेक तो संविदा पुलिसकर्मी, टोरंट,गौशालाओं व पोस्टमार्टम को लेकर दिए ये निर्देश..
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक से पूर्व जनपद में प्राकृतिक आपदा यथा आंधी, तूफान, अतिवृष्टि/ ओला वृष्टि आदि से हुई जनहानि, पशु हानि,मकान व फसल की क्षति से पीड़ित परिवारों ढांढस बंधाया तथा कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ है. उन्होंने प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को कुल 11 लाख 26 हजार की सहायता राशि के चैक व प्रमाणपत्र वितरित किए. इसमें दैवीय आपदा की घटना में मृतक स्व0 बन्टी सिंह पुत्र वीरम सिंह निवासी ग्राम टीकतपुरा मौजा खण्डेर तहसील फतेहाबाद तथा मृतक स्व0 महेन्द्र पुत्र कल्याण सिंह निवासी 50/125 न्यू तमोली पाडा, शाहगंज के आश्रितों को आपदा मोचक निधि से रू0 04-04 लाख की सहायता धनराशि के चैक प्रदान किए गए। आपदा राहत के अंतर्गत तहसील फतेहाबाद में कुल 17, आपदा पीड़ितों को रू0 एक लाख 73 हजार, तहसील एत्मादपुर में कुल 12 आपदा पीडितों को रू0 78 हजार, तहसील किरावली में कुल 01 आपदा पीड़ित को रू0 04 हजार, तहसील सदर में कुल 01 आपदा पीडित को रू0 06 हजार 500, तहसील खेरागढ में कुल 04 आपदा पीडितों को रू0 19 हजार तथा तहसील बाह में कुल 06 आपदा पीडितों को 45 हजार 500 की सहायता राशि प्रदान की गई.प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में नवीन सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मंत्री द्वारा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या तलब की तथा उक्त की एक प्रति जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराए जाने को निर्देशित किया, जिसमें बताया गया कि विगत बैठक में दिए सभी निर्देशों का अनुपालन हो गया है, प्रभारी मंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के निर्माण की वर्तमान कार्य प्रगति की रिपोर्ट तलब की जिसमें बताया गया कि उक्त हेतु पुनरीक्षित आगणन कर रु० 198.84 करोड़ की धनराशि के स्वीकृति के सम्बन्ध में मुख्यालय लखनऊ प्रेषित किया गया था, जिसमें प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा वित्तीय स्वीकृति हेतु व्यय वित्त समिति द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग द्वारा उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया था, जिसके क्रम में उच्च स्तरीय गठित समिति द्वारा पुनरीक्षित आगणन का परीक्षण हेतु स्थलीय सत्यापन किया जा चुका है तथा क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी से कुछ बिंदुओं पर मांगी गई आख्या भी प्रेषित की जा चुकी है शीघ्र ही स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है. प्रभारी मंत्री ने 31 मई से म्यूजियम के कार्य को शुभारंभ कर युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ करा दिसंबर 2025 तक आगरा को एक नई उपलब्धि देने के निर्देश दिए जिससे कि पर्यटन तथा पर्यटन उद्योग को गति मिल सके।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद में अवैध,अनधिकृत रूप से ग्राम समाज व अन्य भूमि पर कब्जे की समस्या को संज्ञान में लाने पर प्रभारी मंत्री द्वारा तालाब, ग्राम समाज तथा अन्य भूमि पर से अवैध कब्जा खाली कराए जाने हेतु पुलिस प्रशासन की मदद से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि अवैध पक्के निर्माण हेतु नोटिस जारी कर तथा अन्य कब्जे को कार्ययोजना बनाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराएं यदि कोई बलपूर्वक, माफियागिरी से पुनः कब्जा करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही अमल लाएं जो नजीर बने, उन्होंने कहा कि अनधिकृत अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा पुराने संविदाकर्मियों को हटाए जाने की समस्या पर निर्देशित किया कि पुराने कर्मियों को उनके अनुभव के दृष्टिगत न हटाया जाए तथा मंत्री ने ऊर्जा मंत्री के समक्ष भी रखने का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने टॉरेंट द्वारा टेकओवर से पूर्व के डीवीवीएनएल के बकाया बिल राशि के प्रश्न को रखा। मंत्री ने उक्त समस्या के समाधान हेतु शासन के समक्ष रखने की बात कही। बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों की उपस्थिति लेने तथा बिना अवकाश स्वीकृत किए महत्वपूर्ण बैठकों से अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
बैठक में आगरा पोस्टमार्टम हाउस में डॉक्टरों की समय से अनुपलब्धता न होने, बाह में नव निर्मित पोस्टमार्टम विधिवत संचालित न होने के प्रकरण पर मा. प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आगरा पोस्टमार्टम हाउस पर शिफ्टवार डॉक्टरों का पैनल बना कर शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के कड़े निर्देश दिए।