आगरालीक्स …Agra News: आगरा में रियल एस्टेट कंपनी पर आयकर विभाग की जांच 40 घंटे बाद पूरी, फाइल किए जा रहे रिटर्न से कई गुना ज्यादा मिला टर्नओवर।
आयकर विभाग, आगरा द्वारा रियल एस्टेट कंपनी आरआरआर इंफ्रा बिल्डर के आधा दर्जन ठिकानों पर मंगलवार दोपहर में जांच शुरू की गई थी। यह रियल एस्टेट कंपनी रोहित जैन द्वारा अपने सहयोगियों के साथ संचालित की जा रही है। रियल एस्टेट कंपनी द्वारा कुंडौल में ग्रांड ग्रीन वैली प्रोजेक्ट के साथ ही अहिंसा ग्रुप के नाम से रियल एस्टेट प्रोजेक्ट लांच किए गए। कई बीघा में कॉलोनियां विकसित की जा रहीं थी, जबकि आयकर रिटर्न फाइल करने में टर्नओवर बहुत कम दिखाया जा रहा था इसके बाद आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कंपनी के हाथरस रोड स्थित कार्यालय के साथ ही कुंडौल, एत्मादपुर सहित अन्य कार्यालयों पर जांच की।
40 घंटे चली जांच, टर्नओवर कई गुना ज्यादा मिला
प्रधान आयकर आयुक्त अनुपम कांत गर्ग के नेतृत्व में आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार दोपहर से गुरुवार सुबह तक करीब 40 घंटे जांच की। कंपनी के रिकार्ड खंगाले, रियल एस्टेट प्रोजेक्ट की खरीद बिक्री का रिकार्ड देखा, टीम को नकद में भुगतान के भी दस्तावेज मिले। जांच में आयकर विभाग की टीम ने रिटर्न में दर्शाए जा रहे टर्नओवर से वास्तविक टर्नओवर कई गुना अधिक मिला है। गुरुवार सुबह टीम जांच पूरी कर चली गई। रियल एस्टेट कंपनी से वास्तवकि टर्नओवर के हिसाब से इनकम टैक्स जमा कराया जाएगा।