आगरालीक्स…तेग बहादुर सिमरिये घर रनौ निध आवे धाए,सब थाई होय सहाय. गुरु तेग बहादुर महाराज के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु का ताल और गुरुद्वारा माईथान में सजे कीर्तन दरबार
सिख धर्म के नवें गुरु ,गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज का प्रकाश पर्व पूरे विश्व में बड़ी श्रद्धा व धूमधाम से मनाया गया इसी कड़ी में आगरा के ऐतिहासिक स्थान गुरुद्वारा गुरु का ताल और गुरुद्वारा माईथान में विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किए गए। गुरुद्वारा माईथान में अमृतवेले पावन अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता हुई उसके उपरांत गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी साहिबान ने शब्द द्वारा हाजरी भरी। सुखमनी सेवा सभा के वीर महेंद्र पाल सिंह जी ने अपनी मधुर रसना से कीर्तन गायन करते हुए सभी का मन मोह लिया। उन्होंने शब्द "ऐसे गुर को बल बल जाइए आप मुकत मोहे तारे" का गायन किया। उन्होंने कहा की गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने इंसानियत , मानवता व हिंदू धर्म को बचाने की खातिर अपने शीश का बलिदान किया ताकि हर इंसान स्वतंत्रता पूर्वक संसार में रह सके। कीर्तन दरबार में मुख्य हाजिरी रुद्रपुर से आए भाई सोहन सिंह जी की रही। उन्होंने अपनी मधुर रसना से "अनंद भया सुख पाया मिल गुर गोविंदा"शब्द का गायन किया । गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह ने सभी संगत का धन्यवाद किया व मुख्य ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह जी ने सरबत के भले की अरदास की।समापन पर स्त्री सभा माईथान की अवनीत कौर ने सभी का आभार व्यक्त किया उपरांत गुरु के अटूट लंगर का वितरण हुआ जिसे सभी धर्म प्रेमियों ने बड़े प्यार व सम्मान के साथ ग्रहण किया । इस अवसर पर संजय जताना, गुरमीत सिंह सेठी, जसविंदर सिंह गुरमुख जी, बबलू वयानी, सतीश सिंह अरोड़ा अशोक अरोड़ा, आदि गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।