आगरालीक्स…आगरा में दीपावली से पहले गौ माता के लिए ‘प्रयास’, साल भर का चारा किया दान, बछड़ों को गुड़-चना खिलाया
गौ सेवा के उद्देश्य से दीपावली के पूर्व लायन्स क्लब आगरा प्रयास ने गौ माता के लिए एक साल का चारा भेंट किया। वहीं गौशाला प्रबंध समिति को अपेक्षित हर सहयोग का आश्वासन भी दिया। दयालबाग स्थित एसपीसीए गौशाला में क्लब पदाधिकारियों ने शनिवार को 40 हजार रुपये की सहयोग राशि गौशाला प्रबंध समिति को भेंट की। क्लब अध्यक्ष दीपाली खेत्रपाल ने बताया कि पंचोत्सव शुरू होने जा रहा है। अपनी परंपरा और संस्कृति के अनुसार त्योहारों का आगमन सेवा कार्यों के साथ होना चाहिए। सचिव पद्मिनी सुराना ने कहा कि क्लब के सभी सदस्य लंबे समय से गौ सेवा के लिए अग्रसर थे। अपने प्रयासों को सही दिशा और वृहद रूप प्रदान करने के लिए गौ सेवा आरम्भ की गई है।

कोषाध्यक्ष अल्पना कोचर ने बताया कि प्रथम चरण में एक साल का चारा उपलब्ध कराने के लिए 40 हजार रुपये की धनराशि भेंट की गई है। को ऑर्डिनेटर आशु मित्तल ने बताया कि आगे सहयोग जारी रखने के लिए प्रबंध समिति के साथ विचार विमर्श किया गया है। चार्टर्ड प्रेसिडेंट संजीव मित्तल ने कहा कि पीने के पानी हेतु जल्द गौशाला समिति को दो पानी की टँकी और चारा काटने की मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। आगरा एसपीसीए गौशाला के अध्यक्ष रमन वल्ला ने गौ माता की सेवा का धार्मिक महत्व और उनसे प्राप्त दुग्ध एवं बायो प्रोडक्ट आदि के वैज्ञानिक लाभ बताए। क्लब सदस्यों में शीनू कोहली, मयूरी मित्तल, राकेश खेत्रपाल और संजीव सुराना और प्रबंध समिति के धीरेंद्र शर्मा, अरविंद कुमार गांधी ने बताया कि इस गौशाला में लगभग 100 गौ माता और गोवंश हैं। संयुक्त प्रयासों से ऐसे प्रबंध किए जाएंगे कि दूध के साथ ही अन्य पदार्थों से गौशाला के लिए आमन्दनी के जरिए भी खुले।