आगरालीक्स आगरा में बड़ी राहत, 100 वर्ग मीटर से कम के आवासीय भवनों के लिए एडीए से मानचित्र स्वीकृति नहीं कराना पड़ रहा है, स्वतः रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं।
एडीए में शनिवार को शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पीएमसीपीएल पोर्टल के माध्यम से किए गए सर्वेक्षण के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। पोर्टल के अनुसार, कुल 371 निर्माणाधीन भवनों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 20 निर्माण ऐसे हैं जिनका मानचित्र पहले से ही स्वीकृत है। इसके अलावा, प्रवर्तन अनुभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने या प्रक्रिया के तहत कुल 7 निर्माणों पर नियमानुसार शमन की कार्रवाई की गई तथा कुल 55 निर्माणों पर नोटिस जारी किए गए।
142 भूखंडों का स्वत रजिस्ट्रेशन
100 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाले कुल 142 भूखंडों पर आवासीय निर्माण होने के कारण उन्हें भवन उपविधि 2025 के प्रावधानों के अंतर्गत स्वतः रजिस्ट्रेशन, अनुमोदन श्रेणी में चिह्नित किया गया है। जिससे छोटे भूखंड स्वामियों को बड़ी राहत मिली है। 147 निर्माणों का परीक्षण वर्तमान में प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।