आगरालीक्स …Agra News: आगरा में कल से टीडीआई मॉल से आईएसबीटी तक मेट्रो का हाई और लो स्पीड ट्रायल, संरक्षा आयुक्त करेंगे निरीक्षण, जानें कब से आईएसबीटी और सिकंदरा तक शुरू हो रही मेट्रो।
आगरा में मेट्रो का पहला कॉरिडोर टीडीआई मॉल ताजगंज से सिकंदरा तक 14 किलोमीटर लंबा है। इस कॉरिडोर में टीडीआई मॉल से श्री मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन बिजली घर तक डेढ़ साल से मेट्रो दौड़ रही है। बिजलीघर से आईएसबीटी तक मेट्रो का संचालन शुरू होना है। इसमें चार भूमिगत और एक एलीवेटेड मेट्रो स्टेशन है।
मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त की हरी झंडी के बाद अगले महीने चल सकती है मेट्रो
आगरा मेट्रो के बिजलीघर चौराहे से आईएसबीटी तक एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन हैं। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त एनएस गुप्ता 19 अगस्त को आगरा आ रहे हैं वे टीम के साथ इन पांच स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। संरक्षा आयुक्त के हरी झंडी देने के बाद सितंबर तक आईएसबीटी तक मेट्रो का संचालन शुरू हो सकता है। इसके साथ ही दिसंबर तक सिकंदरा तक भी मेट्रो के संचालन की उम्मीद है।