आगरालीक्स आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली टोल के 28 फास्ट टैग खोलने पड़े, 35 हजार वाहन निकले। वहीं, एक्सप्रेस वे पर ट्राला क्रैश बीम तोड़ते हुए दूसरी तरफ से जा रही कार से टकराया, पिता पुत्र सहित चार मौत।
रक्षाबंधन के बाद रविवार को आगरा, कानपुर से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की तरफ लौटे। इससे यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहनों का दबाव बढ़ने पर दोनों तरफ के 28 फास्ट टैग खोलने पड़े इसके बाद भी वाहन रेंग रेंग कर निकले। सामान्य दिनों में 18 से 20 हजार वाहन टोल प्लाजा से निकलते हैं तो रविवार को रात तक 35 हजार वाहन निकल चुके थे।
नोएडा में साबौत इंटरचेंज पर ट्राला कार से टकराया, पिता पुत्र सहित चार की मौत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दिल्ली की तरफ से आगरा की ओर आ रहा ट्राला यमुना एक्सप्रेस वे के 36 किलोमीटर साबौता इंटरचेंज पर क्रैश बीम बैरियर को तोड़कर दूसरी तरफ पहुंच गया, इसी दौरान आगरा की तरफ से नोएडा के लिए बलेनो कार आ गई, ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया और कार को घसीटते हुए एक बाइक और छोटा हाथी वाहन से टकरा गया। भीषण हादसे में महाराजगंज निवासी डीएन पांडेय व उनके बेटे आयुष पांडेय, महाराज गंज निवासी विकास गुप्ता और धौलपुर के रहने वाले चालक विजय सिंह की मौत हो गई।