आगरालीक्स …आगरा में आज से मारोरी बापू रामकथा का वाचन करेंगे, जानें कहां और समय क्या है।
आगरा में 23 वर्ष बाद मोरारी बापू आगरा में रामकथा के लिए आए हैं, रामकथा सुनने के लिए देश विदेश से श्रद्धालु आगरा पहुंच गए हैं। जेपी वेडिंग ग्राउंड में मंगलवार, 15 सितंबर को शाम 4 बजे से 7 बजे तक रामकथा का शुभारंभ होगा।
कल से सुबह 10 बजे से रामकथा
16 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मोरारी बापू रामकथा का वाचन करेंगे।
23 सितंबर तक चलने वाली इस रामकथा में भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, प्रेम और भक्ति के संदेशों से श्रद्धालु आध्यात्मिक रूप से लाभान्वित होंगे। आगरा के साथ-साथ विभिन्न प्रदेशों और विदेशों से आए भक्तों के लिए यह आयोजन विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बनेगा।
प्रतिदिन होगी भोजन प्रसादी की व्यवस्था
कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने बताया कि मोरारी बापू की भावना के अनुरूप कथा श्रवण के साथ श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी के माध्यम से भी तृप्ति मिले, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें 5000 से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। भोजन प्रसादी के लिए अलग से विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां एक बार में लगभग 1000 श्रद्धालु बैठकर प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारु व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।