आगरालीक्स…Agra News: आगरा में नालों पर बनी दुकानों पर बुलडोजर और जर्जर भवन गिराने के आदेश, सुभाष बाजार हादसे के बाद 40 भवन और नालों पर बने निर्माण हटाने के लिए नोटिस।
सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी कपड़े की दुकान समा जाने के बाद मलबे में दबी बुजुर्ग महिला का अभी तक सुराग नहीं लगा है। ये दुकानें नगर निगम द्वारा ही नाले पर बनाई गईं थी और लीज पर आवंटित किया गया था। नगर निगम ने नाले पर बने जर्जर 40 भवन और दुकानों के लिए नोटिस जारी किए हैं। इन्हें अपने स्तर से गिराने के लिए कहा गया है इसके बाद भी जर्जर भवन और दुकान गिराए नहीं जाते हैं तो नगर निगम इन्हें ध्वस्त करेगा और खर्च भी दुकान और मकान स्वामी से लिया जाएगा।
नगर निगम हर दुकान और संपत्ति की संरचना की कराएगा जांच
सुभाष नगर हादसे के बाद नगर निगम ने अपनी सभी दुकान और संपत्ति की संरचना की जांच कराने को निर्णय लिया है जिससे इस तरह के हादसों को रोका जा सके। जहां कहीं भी भवनों के कमजोर होने के संकेत मिलेंगे वहां मरम्मत कराई जाएगी।
नाले पर नहीं होगा कोई निर्माण
डीएम मनीष बंसल ने नगर निगम के अधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नाले पर अब कोई दुकान नहीं बनेगी। उन्होंने नगर निगम को सर्वे कराकर नाले पर बनी जर्जर दुकानों को तोड़ने के निर्देश दिए हैं।