आगरालीक्स …Agra News : आगरा के चर्चित बिजनेसमैन नरेश हत्याकांड में पत्नी, प्रेमी सहित तीन को आजीवन कारावास, बोरे में मिला था शव, बेटी की गवाही बनी अहम साक्ष्य। विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट शिव कुमार ने आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई।
आगरा में पांच साल पहले आठ जून 2021 को सिद्धार्थनगर के रहने वाले सुरेश चंद ने थाना ताजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी इसमें कहा कि सुबह आठ बजे उन्हें फोन पर बेटे नरेश कुमार की हत्या की सूचना मिली, वह परिजनों के साथ नगला कली स्थित निखिल होम्स पहुंचे तो घर के पीछे खाली प्लॉट में बेटे का शव बोरे से बंधा मिला। नरेश जूता कारखाना संचालित करते थे। पुलिस विवेचना में पत्नी प्रेमिता उर्फ प्रमिता निवासी सिद्धार्थनगर, गोबर चोकी, उसके प्रेमी रविकांत राजपूत ओर उसके भाई शशिकांत राजपूत निवासी नगला केवल शिकोहाबाद की भूमिका सामने आई। जांच के दौरान इन तीनों के खिलाफ हत्या सहित एससी एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
कमरे की दीवार पर मिले थे खून के निशान, बेटी की गवाही बनी अहम साक्ष्य
इस पूरे मामले में पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और सीडीआर की जांच की, पुलिस नरेश की पत्नी सहित तीनों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। विवेचना में पुलिस को कमरे की दीवारों और फर्श पर खून के धब्बे मिले थे, कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, घटनास्थल पर खून से सनी ईंट भी मिली थी। शव से 100 मीटर की दूरी पर एक बोरा भी बरामद हुआ था। इस पूरे मामले में नरेश की बेटी की गवाही अहम साक्ष्य मिली। नरेश के तीन बच्चे हैं, बड़ी बेटी जिसकी उम्र उस समय 10 वर्ष रही होगी ने गवाही में कहा कि मां ने तीनों भाई बहनों को कमरे में बंद कर दिया था और उन्हें कोल्ड ड्रिंक दे दी थी। टीवी की आवाज तेज कर दी थी। रात करीब तीन बजे आंख खुली, दरवाजा खुलवाने के लिए कहा तो मां ने पहले दरवाजा नहीं खोला। बाद में दरवाजा खोला तो कमरे में बेड पर खून के धब्बे थे और मां ने रात में स्नान भी किया था। 10 लोगों की गवाही हुई।