आगरालीक्स…आगरा में धूमधाम से मनाया भगवान श्री चंद्रप्रभु का जन्म कल्याणक महोत्सव. बैंड बाजों और जयकारों के साथ निकली शोभायात्रा
श्री दिगंबर जैन समिति, ट्रांसयमुना कॉलोनी के तत्वावधान में सोमवार को श्री चंद्रप्रभु भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में पुष्पेंद्र जैन,राजेश जैन,कुमार मंगलम जैन,प्रकाश केसवानी,द्वारा ध्वजारोहण किया गया,जिसके पश्चात मंदिर परिसर से भगवान श्रीजी की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा का शुभारंभ राकेश जैन दिनेश जैन परिवार द्वारा हरीझंडी दिखाकर किया गया। शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र के स्वरूप में देवेंद्र जैन, महेंद्र इंद्र के रूप में मुकेश जैन, ईशान इंद्र के स्वरूप में कमल जैन,सारथी सुनील जैन तथा धन कुबेर के स्वरूप में बादल जैन आकर्षण का केंद्र रहे। सात राजकुमार घोड़े पर सवार होकर चल रहे थे,जैन धर्म पर आधारित मनोहारी झांकियां श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही थीं।शोभायात्रा ट्रांसयमुना कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों से होकर पुनः जैन मंदिर पहुंची,जहां श्रीजी का स्वर्ण कलशों से भव्य अभिषेक किया गया।