आगरालीक्स…आगरा में टेबल टेनिस प्रीमियर लीग सीजन—5 की विजेता बनी महारानी राइसकिंग टीम. फाइनल में आत्माराम वॉरियर्स को मिली हार…
महारानी राइसकिंग ने स्टैग पैंथर्स टेबल-टेनिस प्रीमियर लीग सीजन-5 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में महारानी राइसकिंग ने आत्माराम वॉरियर्स को कड़े संघर्ष में 5-4 से मात दी। दोनों टीमों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजेता का फैसला अंतिम मैच में हुआ। विजेता टीम को चमचमाती हुई ट्राफी पुरस्कार स्वरूप मिली। कमला नगर स्थित स्टैग पैंथर्स टीटी अकादमी में खेली गई लीग में रविवार शाम को फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में महारानी राइसकिंग व आत्माराम वॉरियर्स आमने-सामने थे। दोनों टीमों के बीच पहले ही मैच से टक्कर देखने को मिली।
पहली टाई में आत्माराम वॉरियर्स के रामकुमार ने महारानी राइसकिंग के शुभम खंडेलवाल को 3-2 से, दूसरी टाई में आत्माराम वॉरियर्स के अभिषेक ने महारानी राइसकिंग के गौरव सोनी को 3-0 से हराकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। परंतु इसके बाद महारानी राइसकिंग ने पलटवार किया। तीसरी टाई महिला एकल में महारानी राइसकिंग की सुहानी अग्रवाल ने आत्माराम वॉरियर्स की पहल गुप्ता को 3-1 से, चौथी टाई में महारानी राइसकिंग शुभ गुप्ता ने आत्माराम वॉरियर्स के यज्ञ को 3-1 से हराकर स्कोर बराबर कर दिया। पांचवी टाई मिश्रित युगल में महारानी राइसकिंग शुभम-सुहानी की जोड़ी ने आत्माराम वॉरियर्स के अभिषेक-पहल गुप्ता को 3-2 से हराकर बढ़त हासिल कर ली।
छठी टाई पुरुष युगल में एक बार फिर आत्माराम वॉरियर्स के रामकुमार-यज्ञ ने महारानी राइसकिंग शुभ गुप्ता-गौरव सोनी को 3-2 से हराकर स्कोर बराबर कर दिया। विजेता का फैसला सातवीं टाई ओल्ड इज गोल्ड में हुआ। इस मैच में महारानी राइसकिंग के आदित्य ने आत्माराम वॉरियर्स के तनय अग्रवाल को 3-2 से हराकर अपनी टीम को विजेता बना दिया। मुख्य अतिथि आगरा रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल सिग्नल एंड टेलीकॉम इंजीनियर (कॉर्डिनेशन) योगेश मित्तल, विशिष्ट अतिथि आगरा टीटी संघ की सचिव डॉ. अलका शर्मा व स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ डॉ. अनुभव ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस दौरान फ्रेंचाइजी टीमों के स्वामी शुभम खंडेलवाल, तनय अग्रवाल, दिव्यांश मित्तल, ध्रुव गुप्ता, आशीष जैसवाल, गोपाल गुप्ता, अमित तोमर, मनोज पाराशर, सचिन गोयल आदि मौजूद रहे।