आगरालीक्स…Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की परीक्षा में दो केंद्रों पर सामूहिक नकल, आब्जर्वर नियुक्त। ( Agra News: Mass Copy reported in two centers of DBRAU, Agra Exam#Agra)
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति से संचालित स्नातक और परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू हुई है। परीक्षा आगरा के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के 268 केंद्रों पर 29 नोडल केंद्रों के माध्यम से संचालित कराई जा रही है। विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर के कोर्सों की परीक्षा ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन (ओएमआर) सिस्टम पर कराई जा रही है। कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर छात्रों को टिक करने होते हैं। बावजूद इसके विवि की परीक्षा में नकल नहीं रुक रही है। शनिवार को फिरोजाबाद के रिशाल सिंह इंटर कॉलेज में सुबह 7 से 9 बजे की पारी में बीएससी बॉटनी की परीक्षा थी।
जिसमें सचल दल को केंद्र पर सामूहिक नकल होते मिली। सचल दल की शिकायत के बाद परीक्षा नियंत्रक ने केंद्र पर ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिया है। आगे की परीक्षाएं ऑब्जर्वर की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। वहीं विगत सोमवार को कंट्रोल रूम की ओर से फतेहाबाद रोड स्थित गुरु निरंजनानंद कॉलेज में सामूहिक नकल की शिकायत परीक्षा नियंत्रक से की गई। सीसीटीवी फुटेज में छात्र मोबाइल से नकल करते साफ नजर आ रहे हैं। इस केंद्र पर भी आब्जर्वर नियुक्त कर दिया गया है। केंद्र की आगामी परीक्षाएं आब्जर्वर की निगरानी में होंगी।